जमशेदपुर : जमशेदपुर के सोनारी थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात सरस्वती पूजा विसर्जन के दौरान डीजे बजाने को लेकर दो बस्तियों के बीच तनावपूर्ण स्थिति उत्पन्न हो गई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई. यह घटना एरोड्रम चौक के समीप उस समय हुई, जब संबलपुरिया बस्ती और तरुण बाल संघ से जुड़े लोग पूजा विसर्जन जुलूस के दौरान तेज आवाज में गाना बजाने को लेकर आमने-सामने आ गए. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शुरुआत में दोनों पक्षों के बीच डीजे के गाने को लेकर कहासुनी हुई. बात बढ़ने पर आरोप-प्रत्यारोप का दौर चला और कुछ ही देर में स्थिति बेकाबू हो गई. विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों ओर से पथराव शुरू हो गया. अचानक हुए पथराव से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग इधर-उधर भागने लगे. (नीचे भी पढ़ें)
इस घटना में तीन लोग घायल हो गए. घायलों में जायंतो नामक युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है. सभी घायलों को तत्काल इलाज के लिए (टीएमएच) में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है. डॉक्टरों के अनुसार गंभीर रूप से घायल युवक की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है. घटना की सूचना मिलते ही सोनारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया. पुलिस ने इलाके में अतिरिक्त बल तैनात कर शांति व्यवस्था बहाल की. घटना के बाद संबलपुरिया बस्ती और तरुण बाल संघ, दोनों पक्षों की ओर से एक-दूसरे के खिलाफ सोनारी थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है. (नीचे भी पढ़ें)
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में तीन युवकों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है. थाना प्रभारी ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और पथराव में शामिल अन्य लोगों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है. पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है और कहा है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.



