जमशेदपुर: चक्रधरपुर मंडल के आरपीएफ उड़नदस्ता ने चलती ट्रेन में मोबाइल चोरी करने वाले शातिर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है. आरपीएफ टीम ने टाटानगर रेलवे स्टेशन से गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है. पकड़े गए आरोपियों की पहचान ऋषि तोरवा, अल्ताफ आलम, चंदन राम उर्फ चिंटू और विशाल तिवारी उर्फ जीशान के रूप में हुई है. सभी आरोपी ओडिशा के बड़बिल के रहने वाले बताए जा रहे हैं. (नीचे भी पढ़ें)

आरपीएफ से मिली जानकारी के अनुसार बुधवार की रात गश्त के दौरान ट्रेन संख्या 12809 मुंबई–हावड़ा मेल के एसी कोच से दो संदिग्ध युवकों को उतरकर तेजी से भागते हुए देखा गया. उनकी गतिविधियों को संदेहास्पद मानते हुए आरपीएफ ने तत्काल स्टेशन परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की. फुटेज के अवलोकन में यह स्पष्ट हुआ कि चोरी की इस वारदात में कुल चार लोग शामिल थे, जो एक संगठित गिरोह के रूप में काम कर रहे थे. (नीचे भी पढ़ें)
इसके बाद आरपीएफ उड़नदस्ता ने आरोपियों की तलाश तेज की और शाम के समय टाटानगर स्टेशन के नाइट आउट क्षेत्र के पीछे से चारों को पकड़ने में सफलता हासिल की. तलाशी के दौरान उनके पास से चोरी किए गए महंगे मोबाइल फोन, एक मोबाइल चार्जर तथा चोरी में प्रयुक्त बड़ा कटर, हेक्सा ब्लेड सहित अन्य औजार बरामद किए गए. आरपीएफ ने आरोपियों के पास से एक एप्पल मोबाइल, एक वनप्लस मोबाइल और एक वीवो मोबाइल बरामद किया है. बरामद सामानों की कुल कीमत करीब 1 लाख 60 हजार रुपये आंकी गई है. (नीचे भी पढ़ें)
आरपीएफ ने बताया कि सभी आरोपियों का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। विशेष रूप से अल्ताफ आलम करीब 11 बार जेल जा चुका है. गिरफ्तार सभी आरोपियों को अग्रिम कानूनी कार्रवाई के लिए रेल थाना टाटानगर के हवाले कर दिया गया है. पुलिस मामले की आगे की जांच में जुट गई है.



