
जमशेदपुर : जमशेदपुर के गोलमुरी थाना अंतर्गत टीनप्लेट कंपनी के आउटहाउस से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. जहां बीते 10 दिनों से टिनप्लेट कंपनी के 10 नंबर बंगले में काम करने वाली महिला खुले आसमान में जीवन बसर कर रही है. इतना ही नहीं महिला के साथ उसके दो छोटे छोटे बच्चे भी कड़ाके की ठंड में पेड़ के नीचे जीवन गुजार रहे हैं. आपको बता दें कि टिनप्लेट कंपनी के सेफ्टी ऑफिसर एमएस हक द्वारा समय पर रोटी नहीं बनाने के कारण 10 दिन पहले पूरे परिवार को बाहर का रास्ता दिखा दिया गया. इधर इसकी सूचना मिलते ही बिरसा सेवादल के कार्यकर्ताओं ने महिला और उसके परिवार को संरक्षण तो दिया है. लेकिन उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि बड़ी कंपनियों के आउटहाउस में रहकर पूरे घर की जिम्मेदारी संभालने वाली महिलाओं को उचित सम्मान दिया जाए. इसके अलावा उन्हें सामाजिक सुरक्षा भी प्रदान किए जाने की मांग बिरसा सेवा दल के लोगों ने की है. इनका कहना है की पन्द्रह सौ से दो हजार देकर बड़ी कंपनियों के अधिकारी आउटहाउस में रखने का प्रलोभन देकर इन महिलाओं से घर का सारा काम करवाते हैं. जबकि थोड़ी बहुत गलतियां होने पर परिवार सहित घर से बाहर निकाल देते हैं. ऐसे में जिला प्रशासन को ऐसे मामलों को गंभीरता से लेने की जरूरत है. फिलहाल महिला को सुरक्षित स्थान पर ले जाने की तैयारी की जा रही है.







