
जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिले में कोरोना वायरस के संदिग्ध मरीजों की संख्या लगातार बढ़ने से हड़कंप मचा हुअा है। बुधवार को एमजीएम मेडिकल कालेज के वायरोलॉजी लैब में 42 सैंपल की जांच हुई और सभी रिपोर्ट निगेटिव आया है। यानी किसी में कोरोना नहीं है। इसमें आजादनगर के वे दो मौलवी भी शामिल हैं जो पिछले दिनों दिल्ली से वापस आए हुए थे और मंगलवार से एमजीएम के आइसोलेशन वार्ड में रखे गए हैं। हालांकि बुधवार को एमजीएम लैब में कुल 62 सैंपल आए जिसमें से 42 की जांच हो गई है और 20 आन प्रोसेस है जिसकी रिपोर्ट गुरुवार को आएगा।
मंगलवार को मुसाबनी के राखा माइंस क्षेत्र के पुलिस ट्रेनिंग सेंटर में बने क्वारिन्टाइन से कुल 16 संदिग्ध मरीजों का सैंपल जांच के लिए भेजा गया है। इसमें चार वे संदिग्ध भी शामिल हैं जो कुछ दिन पूर्व नेशनल हाइवे-33 स्थित तमाड़ के रड़गांव से लाए गए थे। वहीं तीन वैसे लोग भी है जिनका चाइना से कनेक्शन रहा है। साथ ही एक संदिग्ध डॉक्टर का भी नमूना लेकर जांच के लिए भेजा गया था जो सभी रिपोर्ट निगेटिव है। इस तरह मंगलवार के 135 संदिग्ध मरीजों की संख्या बुधवार को 197 पहुंच गई है।दूसरी ओर, जमशेदपुर के सोनारी क्रिस्चियन मैदान में बाजार करने के दौरान क्वारंटाइन किए गए मरीज की भी जांच पूरी हो गई है। एमजीएम के डाक्टरों ने जांच के बाद बताया कि पेट में अत्यधिक गैस होने की वजह से तेज दर्द होने लगा और वह गिर गया। उसे बुखार के साथ सांस लेने में तकलीफ हो रही है। कोरोना का संदेह है इसलिए एहतियात के तौर पर उसे आइसोलेशन वार्ड में एडमिट कर सैंपल जांच के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट निगेटिव आ गई है यानी वह कोरोना वायरस के मरीज नही है। संदिग्ध मरीज के बताया जा रहा है कि वह सोनारी, कागलनगर के एक अपार्टमेंट में रहता है।














