
जमशेदपुर : जमशेदपुर के टेल्को शमशेर अपार्टमेंट निवासी तपन दास की हत्या करने के मामले में न्यायालय ने पत्नी श्वेता दास उर्फ बुलेट रानी और उसके प्रेमी सुमित सिंह के अलावा सोनु लाल को दोषी करार दिया है. एडीजे चार राजेंद्र कुमार सिन्हा की अदालत में सुनवाई के दौरान सभी को दोषी करार दिया गया है. इस मामले में सभी को 29 जनवरी को सजा सुनाई जाएगी. श्वेता दास उर्फ बुलेट रानी फिलहाल हजारीबाग जेल में बंद है वहीं सुमित सिंह रांची के जेल में बंद है. दोनों की पेशी वर्चुअल माध्यम से हुई. श्वेता दास को बुलेट रानी इसलिए बोला जाता है क्योंकि वह बुलेट में जाकर अपराध भी करती रही है और बंदूक चलाना उसका शौक था.
दिल दहला देने वाली थी घटना
घटना 15 जनवरी 2018 की है. इस दिन श्वेता दास ने अपने प्रेमी सुमित सिंह के साथ औऱ उसके साथी के साथ मिलकर अपने पति तपन दास की हत्या कर दी थी. घटना को अंजाम देने के बाद दोनों ने शव को फ्रिज में रखकर उसे एमजीएम थाना क्षेत्र के बड़ाबांकी स्थित झाड़ियों में फेंक दिया था. घटना के तीन दिन बाद पुलिस ने शव को बरामद किया. पहचान के बाद पुलिस ने श्वेता दास से पुछताछ की. पुलिस को शक होने पर श्वेता दास पर दबाव डाला गया. अंत में श्वेता दास ने प्रेमी के साथ मिलकर हत्या की बात कबुल की. हलांकि पुलिस घटना में प्रयुक्त फ्रिज को बरामद नहीं कर पाई थी.





