जमशेदपुर : जमशेदपुर के बागबेड़ा थाना क्षेत्र के आनंद नगर में शुक्रवार की रात छोटू पासवान पर 10 से 15 युवकों ने हमला कर दिया. हमलावरों ने पहले उसकी जमकर पिटाई की, फिर उसे घर से खींचकर बाहर निकाला और चापड़ से हमला कर दिया. बीच-बचाव करने पहुंचे उसके एक साथी को भी हमलावरों ने निशाना बनाया. घटना के दौरान आनंद नगर में काफी देर तक हंगामा होता रहा. हमले में छोटू पासवान लहूलुहान हो गया. इसके बाद हमलावर मौके से फरार हो गए. ( नीचे देखें पूरी खबर)

घायल छोटू पासवान ठेला चलाकर अपना जीवनयापन करता है. परिजनों के अनुसार, घटना के समय छोटू पासवान अपने घर में मौजूद था. इसी दौरान करीब 10 से 15 युवक हाथों में चापड़, पिस्तौल और अन्य हथियार लेकर वहां पहुंचे. आरोप है कि युवकों ने छोटू को घर से खींचकर बाहर निकाला और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी. इसके बाद उस पर चापड़ से हमला किया गया. घटना के बाद परिजन घायल छोटू पासवान को इलाज के लिए सदर अस्पताल लेकर पहुंचे. वहां उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे एमजीएम अस्पताल रेफर कर दिया. घटना की सूचना मिलने के बाद बागबेड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी. पुलिस हमलावरों की पहचान और हमले के पीछे के कारणों का पता लगाने में जुटी है.




