जमशेदपुर : जमशेदपुर के सोनारी थाना क्षेत्र से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक युवक ने शादी का झांसा देकर एक युवती के साथ दुष्कर्म किया. आरोपी युवक की पहचान बच्चा सिंह बस्ती निवासी विक्की साहू के रूप में हुई है. पीड़िता भी उसी बस्ती की रहने वाली है और दोनों पहले से एक-दूसरे को जानते थे. वह अच्छे दोस्त बन चुके थे. पीड़िता के अनुसार 12 जुलाई को विक्की उसे बहला-फुसलाकर सोनारी क्षेत्र में स्थित अपने किराए के मकान में ले गया. वहां विक्की ने शादी का वादा कर युवती के साथ लगातार पांच दिनों तक शारीरिक संबंध बनाए, जब युवती ने शादी की बात पर जोर दिया, तो विक्की ने मना कर दिया और उससे दूरी बना ली. (नीचे भी पढ़ें)
इससे आहत होकर युवती ने सोनारी थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. आरोपी फिलहाल फरार है और पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पीड़िता का मेडिकल परीक्षण करा लिया गया है और अन्य कानूनी प्रक्रिया भी शुरू कर दी गयी है. थाना प्रभारी का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जाएगा. इधर, घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश है और वे आरोपी के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं. पुलिस हर एंगल से मामले की जांच में जुटी है.











