जमशेदपुर: जमशेदपुर के बागबेड़ा थाना क्षेत्र में महिलाओं के साथ हिंसा की दो अलग-अलग घटनाएं सामने आई हैं. पहली घटना सोमाय झोपड़ी की रहने वाली इंदुमति लोहार की है, जिन्होंने ससुरालवालों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और मारपीट कर घर से निकालने का आरोप लगाया है. इंदुमति लोहार की शादी 17 नवंबर 2017 को प्रसाद लोहार से हुई थी. पीड़िता के अनुसार, शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग दहेज को लेकर ताने देते थे और समय के साथ मानसिक प्रताड़ना शारीरिक हिंसा में बदल गयी. हाल ही में उसे बुरी तरह पीटकर घर से निकाल दिया गया. इंदुमति की शिकायत पर पुलिस ने प्रसाद लोहार, उसके पिता महावीर लोहार, किसनो लोहार और मालो लोहार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. (नीचे भी पढ़ें)
दूसरी घटना सिद्धू मैदान की है, जहां वंदना भारती नामक महिला ने मोहल्ले के हरिनाथ गोस्वामी, प्रभावती देवी और रूबी देवी पर मारपीट और प्रताड़ना का आरोप लगाया है. वंदना ने बताया कि उसे मानसिक रूप से परेशान किया जाता है और आए दिन धमकाया जाता है. बागबेड़ा थाना प्रभारी ने बताया कि दोनों मामलों में प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी है और पुलिस जांच कर रही है. जल्द ही आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी. लगातार सामने आ रहे ऐसे मामलों ने इलाके में महिलाओं की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं.











