जमशेदपुर : जमशेदपुर के उलीडीह थाना क्षेत्र में गुरुवार की रात एक सनसनीखेज वारदात से इलाके में दहशत फैल गई. आदित्य विजन शोरूम में कार्यरत कर्मचारी राशिद, जो पुराना पुरुलिया रोड का निवासी है, पर अज्ञात अपराधियों ने धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर दिया. इस हमले में राशिद गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे स्थानीय लोगों की तत्परता से अस्पताल ले जाया गया. घटना उस समय घटी जब राशिद ड्यूटी समाप्त कर स्कूटी से अपने घर लौट रहा था. बताया जा रहा है कि पहले से घात लगाए कार सवार कुछ युवकों ने रास्ते में उसे रोका और बिना किसी कहासुनी के उस पर धारदार हथियार से ताबड़तोड़ वार कर दिए. (नीचे देखे पूरी खबर)

अचानक हुए हमले से राशिद संभल नहीं पाया और स्कूटी समेत सड़क पर गिर पड़ा. हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई. शोर सुनकर आसपास के लोग और राहगीर मौके पर पहुंचे और घायल राशिद को तत्काल अस्पताल पहुंचाया. सूचना मिलते ही उलीडीह थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी है. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और हमलावरों की पहचान में जुटी हुई है. दिनदहाड़े हुई इस घटना से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं.







