
जमशेदपुर : भारत सरकार द्वारा अल्पसंख्यकों के कल्याण हेतु गठित 15 सूत्री कार्यक्रम के अंतर्गत समेकित अनुसूचित जनजाति विकास अभिकरण , पूर्वी सिंहभूम जिला स्तरीय समिति का सदस्य मनोनयन डीसी की ओर से कयिा गया है. इसके तहत कांग्रेस नेता और जमशेदपुर जिला परिषद सदस्य गोविंदपुर निवासी डॉ पारितोष सिंह और पटमदा निवासी पंचायत समिति सदस्य देवी मांझी को जिलास्तरीय 15 सूत्री अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति, अल्पसंख्यक एवं पिछड़ा विभाग की ओर से गठित 15 सूत्री कार्यक्रम क्रियांवयन समिति का सदस्य मनोनित किया गया है. (नीचे भी पढ़ें)
अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति अल्पसंख्यक एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग झारखंड के आदेश के आलोक में स्वायत जमशेदपुर जिला परिषद के प्रतिनिधि के तौर पर जमशेदपुर जिला के उपायुक्त द्वारा जिला स्तरीय सदस्य मनोनित किया गया है. इस संबंध में जानकारी देते हुए डॉ परितोष सिंह ने कहा कि भारत सरकार द्वारा 2006 में अल्पसंख्यक समुदाय के विकास हेतु 15 सूत्री कमेटी का गठन किया गया था. (नीचे भी पढ़ें)
इसका मुख्य उद्देश्य अल्पसंख्यक समुदाय के छात्र-छात्राओं में शिक्षा के अवसर को बढ़ाना, मौजूदा और नई योजनाओं के माध्यम से आर्थिक गतिविधियां और रोजगार में अल्पसंख्यकों के लिए एक समान हिस्सेदारी सुनिश्चित करना, राज्य और केंद्र सरकार की नौकरियों में स्वरोजगार और भर्ती के लिए क्रेडिट समर्थन में वृद्धि, अवसंरचना विकास योजनाओं में उनके लिए उचित हिस्सेदारी सुनिश्चित करके अल्पसंख्यकों के जीवन स्तर में सुधार, सांप्रदायिक वैमनस्य और हिंसा की रोकथाम नियंत्रण एवं कार्यक्रम को लागू करवाना, साथ ही साथ विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ अल्पसंख्यक समुदाय के वंचित वर्गों तक पहुंचाना है. श्री सिंह ने जमशेदपुर जिले की उपायुक्त का धन्यवाद दिया और कहा कि जिस भरोसे के साथ उन्हें इस समिति में जिम्मेदारी दी गई है उसमे खरा उतरने का हर संभव प्रयास करेंगे.




