जमशेदपुर : जमशेदपुर के बाराद्वारी कुम्हारपारा निवासी रीना कुमारी ने बस्ती की अन्य महिलाओं के साथ एसएसपी कार्यालय पहुंच कर एक ज्ञापन सौंपा. ज्ञापन में उसने सीतारामडेरा थाना की पेट्रोलिंग टीम पर घर के बाहर खड़ी स्कूटी पर बैठे अपने बेटों के साथ मारपीट करने का आरोप लगाया है. (नीचे भी पढ़ें)
रीना देवी ने बताया है कि उनके दो नाबालिग बेटे रवि कुमार सोना एवं राहुल कांत अमृत मंगलवार दोपहर डेढ़ बजे के करीब अपने घर के सामने ही खड़ी स्कूटी पर बैठे हुए थे. इसी दौरान सीतारामडेरा थाना के गश्ती दल की वाहन वहां पहुंचा. वाहन से उतरते ही पुलिस अधिकारी ने दोनों को भद्दी-भद्दी गालियां देते हुए डंडे से पीटना शुरू कर दिया. यही नहीं, पुलिस कर्मी दोनों बेटों एवं स्कूटी को भी अपने साथ थाना लेकर जाने लगे. हालांकि इस दौरान शोरगुल सुन कर वहां बस्ती के और लोगों के जुट जाने के कारण पुलिस अधिकारी उन्हें नहीं ले जा सके.(नीचे भी पढ़ें)
रीना देवी ने बताया कि पुलिस अधिकारी की मारपीट से उनके बेटों को अंदरूनी चोटें आई हैं. रीना देवी ने वरीय पुलिस अधीक्षक से अपने बेटों के साथ नाहक गाली-गलौज एवं मारपीट किये जाने के मामले में उचित कार्रवाई किये जाने की मांग की है.



