जमशेदपुर : जमशेदपुर के बिष्टुपुर थाना क्षेत्र के चर्चित डीडी बार हत्याकांड में गठित विशेष अनुसंधान दल (एसआईटी) को एक और बड़ी सफलता मिली है. पुलिस ने मामले में दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है. साथ ही घटना के बाद आरोपियों के भागने और छिपने में इस्तेमाल की गई एक टीवीएस एक्टिवा स्कूटी भी बरामद की गई है. बुधवार को सिटी एसपी ललित मीणा ने बताया कि डीडी बार के समीप हुए जानलेवा हमले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसआईटी का गठन किया गया था. टीम तकनीकी साक्ष्य, सीसीटीवी फुटेज, मानवीय आसूचना और अन्य उपलब्ध सबूतों के आधार पर लगातार छापेमारी कर रही थी. पुलिस ने इस मामले में अब तक 14 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. फरार आरोपियों की तलाश में चलाए जा रहे अभियान के दौरान राघवेन्द्र कुमार उर्फ रविन्द्र उर्फ घेरे (40) और गणेश मछुवा (34) को गिरफ्तार किया गया. पूछताछ के दौरान गणेश मछुवा की निशानदेही पर घटना के बाद आरोपियों के भागने और छिपने में इस्तेमाल की गई टीवीएस एक्टिवा स्कूटी (जेएच05इएच6474) बरामद की गई. (नीचे भी पढ़ें)
पुलिस के अनुसार, गणेश मछुवा ने इस हत्याकांड के मुख्य आरोपियों विश्वनाथ मंडल उर्फ बोदरा, राहुल दुबे और राघवेन्द्र कुमार उर्फ घेरे को घटना के बाद छिपाने और फरार कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी. पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक गणेश मछुवा का आपराधिक इतिहास भी रहा है और वह अवैध शराब की खरीद-बिक्री से जुड़े मामलों में दो बार जेल जा चुका है. सिटी एसपी ने बताया कि मामले में फरार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. पुलिस का दावा है कि जल्द ही सभी फरार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा.







