
जमशेदपुर : जमशेदपुर के बागबेड़ा थाना अंतर्गत स्टेशन के पास स्थित गिरीधारी होटल के कर्मचारी 55 वर्षीय गौरीशंकर सिंह की मौत हो गई. रविवार तड़के उसका शव स्टाफ रूम में पाया गया. होटल कर्मचारियों ने इसकी सूचना पुलिस को दी. सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. गौरीशंकर सिंह मूल रूप से दरभंगा के रहने वाले थे. घटना की सूचना परिजनों को भी दे दी गई है. जानकारी देते हुए थाना प्रभारी केके झा ने बताया कि होटल से सूचना आई थी कि एक कर्मचारी की मौत हो गई है. सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची थी. शव देखकर प्रतीत होता था कि उसकी मौत ठंड से हुई है. कर्मचारियों ने पुलिस को बताया कि रात को सभी साथ में सोए थे पर सुबह गौरीशंकर उठा ही नही.




