जमशेदपुर : बागबेड़ा स्थित अनुग्रह नारायण सिंह शिक्षण एवं सेवा संस्थान में नेचर संस्था की ओर से चलाए जा रहे इंटर्नशिप की छात्राओं को टाटा स्टील फाउंडेशन द्वारा डिजिटल लिट्रेसी मिशन के तहत एक दिवसीय निःशुल्क प्रशिक्षण दिया गया. प्रशिक्षण शिविर की शुरुआत सी एस पी सिंह, डॉ कविता परमार, डी मंजू ने दीप प्रज्वलित कर की. (नीचे भी पढ़ें)

उसके बाद कविता परमार ने अपने संबोधन में वर्तमान समय में डिजिटल लिट्रेसी का महत्त्व को बताते हुए छात्राओं को गंभीरतापूर्वक सीखने की सलाह दी. इसके तहत डिजिटल तकनीकों का प्रभावी ढंग से उपयोग करने, समझने और मूल्यांकन करने की क्षमता का विकास होता है. उन्होंने बताया कि डिजिटली लिटरेट होकर हम न सिर्फ अपने काम कर सकते हैं, बल्कि अपने आस-पड़ोस के लोगों की सहायता भी कर सकते हैं. (नीचे भी पढ़ें)

आज के एक दिवसीय प्रशिक्षण में आधार कार्ड अपडेट, डाउनलोड, एड्रेस चेंज, जन्म तिथि में बदलाव, आधार वैलेडिटी, बैंक स्टेटस पता करना, वोटर कार्ड अप्लाई करना, उसमें सुधार करना, आयुष्मान कार्ड बनाना, झार सेवा के तहत जाति प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र, रेजिडेंशल, मोबाइल सेफ्टी के तहत लोकेशन ट्रैकिंग, साइबर सिक्योरिटी आदि विषयों से संबंधित प्रशिक्षण दिया गया. (नीचे भी पढ़ें)

इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में टाटा स्टील फाउंडेशन से डी मंजू, अनिल कुमार, वीरेंद्र यादव और प्रशिक्षक के रूप में अजय कुमार और शोभा यादव उपस्थित रहे. छात्राओं को डिजिटली लिटरेट करने के प्रयास को नेचर संस्था की तरफ से डॉ कविता परमार ने बहुत ही उपयोगी बताते हुए टाटा स्टील फाउंडेशन को धन्यवाद ज्ञापित किया और भविष्य में और भी महिलाओं को प्रशिक्षित कराने की अपील की.



