रामगोपाल जेना/बंदगांव : बंदगांव स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय में गुरुवार को बंदगांव थाना पुलिस और चक्रधरपुर महिला थाना पुलिस की ओर से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया. जागरुकता कार्यक्रम में बदंगांव थाना के सहायक अवर निरीक्षक प्रभु उरांव और दिलीप कुमार ने नशापान एवं अफीम की खेती के दुष्प्रभाव, कानूनी प्रावधान एवं सड़क सुरक्षा से संबंधित कानूनों के बारे में जानकारी दी गई. वहीं चक्रधरपुर महिला थाना प्रभारी शशि बाला भेंगरा ने महिलाओं और बच्चों से संबंधित अपराध एवं सुरक्षा संबंधी कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी. विशेष कर दुष्कर्म, पोक्सो एक्ट, बाल विवाह, डायन प्रथा, दहेज प्रथा एवं अन्य महिला संबंधी लैंगिक अपराधों में कानूनी प्रक्रिया और कानूनी सहायता के बारे में बालिकाओंको विस्तार पूर्वक जागरूक किया गया. (नीचे भी पढ़ें)

इस दौरान महिला थाना प्रभारी ने बालिकाओं के मन में उठ रहे कई सवालों के जबाब देकर भी उनकी जिज्ञासा शांत की. साथ ही पुलिस हेल्पलाइन नंबर 112 के बारे में भी जानकारी दी गई. इस दौरान बंदगांव थाना पुलिस एवं महिला थाना पुलिस ने भी छात्राओं के बीच अपने नंबर साझा किये. कार्यक्रम में विद्यालय की प्रधानाध्यापिका तनुजा सहित कक्षा 6 से 12 तक की छात्राएं, शिक्षिकाएं एवं महिला कर्मी शामिल हुईं.



