जमशेदपुर : जमशेदपुर के साकची स्थित सब्जी मंडी में गुरुवार को ट्रक खड़ा कर माल उतारने को लेकर विवाद हो गया. खुदरा सब्जी व्यापारियों का आरोप है कि एक गद्दी संचालक पिछले कई दिनों से मंडी जाने वाले मुख्य रास्ते पर ट्रक खड़ा कर माल उतरवाता है, जिससे ग्राहकों और आम लोगों को आने-जाने में भारी परेशानी होती है. व्यापारियों का कहना है कि रास्ता बाधित रहने से ग्राहक उनकी दुकानों तक नहीं पहुंच पाते, जिससे उनके कारोबार पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है. (नीचे भी पढ़ें)
इसी मुद्दे पर विरोध जताने के दौरान दोनों पक्षों के बीच बहस शुरू हो गई। खुदरा व्यापारियों का आरोप है कि गद्दी संचालक बरबिल मंडल और बिट्टू मौके पर पहुंचे और विवाद के दौरान तीन से चार दुकानदारों के साथ मारपीट की. घटना के बाद मंडी में तनाव का माहौल बन गया और अन्य खुदरा व्यापारी भी विरोध में उतर आए. (नीचे भी पढ़ें)
मारपीट की घटना के विरोध में खुदरा व्यापारियों ने साकची सब्जी मंडी बंद कर दी. व्यापारियों ने कहा कि जब तक आरोपित उनके बीच आकर सार्वजनिक रूप से माफी नहीं मांगते, तब तक उनका विरोध जारी रहेगा. उन्होंने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई करने और मंडी में सुचारु आवागमन सुनिश्चित करने की मांग की है. फिलहाल स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है.















