जमशेदपुर: जमशेदपुर के एमजीएम मेडिकल कॉलेज के दो इंटर्न डॉक्टर समीर कुमार (लाल) और सक्षम सिंह की डिमना लेक में हुई संदिग्ध मौत की जांच बोड़ाम पुलिस ने तेज कर दी है. वहीं दूसरी ओर पुलिस को चौंकाने वाली पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट सामने आयी है. पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के मुताबिक साकची के काशीडीह निवासी डॉ समीर कुमार लाल के सिर में आगे की ओर दाहिने हिस्से में करीब दो सेंटीमीटर गहरा घाव था, इसे अंदरूनी हिस्से में बड़े पैमाने पर रक्त का थक्का जम गया था. मस्तिष्क में भारी सूजन और खून जमा होने की पुष्टि हुई है. वहीं दूसरी मामले के हर पहलू की गहन पड़ताल की जा रही है और घटना से जुड़े लोगों से लगातार पूछताछ की जा रही है. पुलिस सूत्रों के अनुसार, अब तक डॉ यश बरछा से विस्तृत पूछताछ की जा चुकी है. उनकी एक महिला मित्र का भी बयान दर्ज किया गया है. घटना की रात 23 जुलाई को डिमना लेक में तैनात टाटा स्टील के सुरक्षाकर्मी से भी पूछताछ कर उस रात की गतिविधियों की जानकारी जुटाई गई है. इसके अलावा डॉ यश बरछा को घटनास्थल ले जाकर पूरे घटनाक्रम का पुनर्निर्माण (रीकंस्ट्रक्शन) भी कराया गया. (नीचे भी पढ़ें)
जांच के दौरान 23 जुलाई की रात एमजीएम मेडिकल कॉलेज हॉस्टल और अस्पताल के मुख्य द्वार पर तैनात सुरक्षाकर्मियों से भी पूछताछ की गई है, ताकि डॉक्टरों की आवाजाही और अन्य गतिविधियों की जानकारी मिल सके. पुलिस ने उस दुकान के कर्मचारियों का भी बयान दर्ज किया है, जहां से तीनों डॉक्टरों ने डिमना चौक से शराब खरीदी थी. जांच टीम यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि घटना से पहले उनकी गतिविधियां क्या थीं और किन परिस्थितियों में वे डिमना लेक पहुंचे. इधर, घटना के समय तीनों डॉक्टरों के साथ मौजूद रहे डॉ सचिन कुमार को भी पूछताछ के लिए नोटिस भेजा गया है. बताया जा रहा है कि घटना के दो दिन बाद वह रांची स्थित अपने घर चले गए थे. पुलिस उनके बयान का इंतजार कर रही है, क्योंकि उन्हें इस मामले का महत्वपूर्ण गवाह माना जा रहा है. जानकारी के अनुसार, 24 जुलाई की अहले सुबह घटना की सूचना मिलने के बाद सबसे पहले डॉ सचिन ही डिमना लेक पहुंचे थे. ऐसे में उनके बयान को जांच के लिए बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है. बोड़ाम पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष और वैज्ञानिक तरीके से जांच की जा रही है. सभी तथ्यों और साक्ष्यों का मिलान किया जा रहा है तथा आवश्यकता पड़ने पर अन्य लोगों से भी पूछताछ की जाएगी. पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही दोनों इंटर्न डॉक्टरों की मौत के कारणों पर अंतिम निष्कर्ष सामने आएगा.




