जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिले के शहरी क्षेत्र में मादक पदार्थों की अवैध खरीद-बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस लगातार छापामारी अभियान चला रही है. इसी क्रम में रविवार, 18 अक्टूबर को पुलिस ने ओलीडीह ओपी क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए कथित तौर पर ब्राउन शुगर की बिक्री में संलिप्त एक युवक को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार युवक की पहचान शंकोसाई रोड नंबर 3 निवासी दूधनाथ यादव के पुत्र राहुल कुमार (24 वर्ष) के रूप में हुई है. पुलिस ने उसके पास से 2.53 ग्राम ब्राउन शुगर जैसा मादक पदार्थ बरामद किया है. (नीचे भी पढ़ें)
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, वरीय पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी कि ओलीडीह ओपी क्षेत्र में एक व्यक्ति पिछले कुछ दिनों से अवैध रूप से ब्राउन शुगर की बिक्री कर रहा है. सूचना को गंभीरता से लेते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक ने मामले के सत्यापन और आवश्यक कार्रवाई के लिए नगर पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में पटमदा पुलिस उपाधीक्षक के नेतृत्व में एक छापेमारा दल का गठन किया. (नीचे भी पढ़ें)
टीम ने गुप्त सूचना के सत्यापन के पश्चात त्वरित कार्रवाई करते हुए स्वर्णरेखा प्रोजेक्ट भवन के पास स्थित वसुंधरा एस्टेट मैदान के निकट छापेमारी की गई. इस दौरान पुलिस ने कथित रूप से मादक पदार्थ की बिक्री में संलिप्त राहुल कुमार को गिरफ्तार कर लिया. छापामारी के दौरान पुलिस ने गिरफ्तार युवक के पास से 2.53 ग्राम ब्राउन शुगर जैसा मादक पदार्थ बरामद किया. मामले में ओलीडीह ओपी में कांड दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है. पुलिस गिरफ्तार युवक से पूछताछ कर कथित मादक पदार्थ के सप्लायर और इस कारोबार में शामिल अन्य पैडलरों के संबंध में जानकारी जुटा रही है. पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि मादक पदार्थ कहां से लाया जा रहा था और इस अवैध कारोबार से अन्य कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं.





