जमशेदपुर: शरद नवरात्र और महानवमी के पावन अवसर पर शहर में भक्ति और सेवा का अनूठा संगम देखने को मिला. जमशेदपुर के बिष्टुपुर क्यू रोड स्थित श्रीश्री जी टाउन सार्वजनिक दुर्गा पूजा कमेटी द्वारा महानवमी के पावन अवसर पर एक सराहनीय पहल करते हुए ‘इया फाउंडेशन’ द्वारा संचालित ‘खुशियों की पाठशाला’, बलदेव बस्ती की बच्चियों को विशेष रूप से पूजा पंडाल में आमंत्रित किया गया. इस दौरान बेटियों के सम्मान और उनके उज्ज्वल भविष्य का एक सुंदर संदेश समाज के सामने रखा गया. (नीचे भी पढ़ें)

पंडाल में पहुंचने पर समिति के सदस्यों द्वारा बच्चियों का अत्यंत भव्य एवं आत्मीय स्वागत किया गया. इस दौरान पारंपरिक विधान के तहत 30 कन्याओं का पूजन और विशेष श्रृंगार कराया गया. पूजा-अर्चना के बाद सभी बच्चियों को ससम्मान भोजन कराया गया और उनके साथ पूरे स्नेह के साथ महानवमी का पर्व मनाया गया. कार्यक्रम के दौरान समिति की ओर से सभी बच्चियों को उपहार स्वरूप स्कूल बैग और पठन-पाठन सामग्री भेंट की गई, जिसे पाकर नन्हीं बच्चियों के चेहरे खिल उठे. समिति के सदस्यों ने बच्चियों को यह पूर्ण विश्वास और आश्वासन दिया कि जी. टाउन सार्वजनिक दुर्गा पूजा कमेटी हमेशा उनके साथ कदम से कदम मिलाकर खड़ी है तथा उनकी शिक्षा एवं उज्ज्वल भविष्य की दिशा में हरसंभव सहयोग करने के लिए कटिबद्ध है. (नीचे भी पढ़ें)
आयोजकों का कहना था कि यह केवल एक धार्मिक आयोजन भर नहीं है, बल्कि यह बेटियों के सम्मान, उनकी शिक्षा और उनके बेहतर भविष्य के प्रति समाज की सच्ची जिम्मेदारी का एक सुंदर उदाहरण है. इस मौके पर उपस्थित सभी लोगों ने मां दुर्गा से प्रार्थना की कि वे सभी बच्चियों को सुख, समृद्धि, उत्तम शिक्षा और एक उज्ज्वल भविष्य का आशीर्वाद प्रदान करें. दूसरी ओर, पूजा समारोह में शामिल होने के लिए टाटा स्टील के एचआर के अधिकारी यशवंत पांडेय अपने परिवार के साथ पहुंचे और भोग ग्रहण किया.





