जमशेदपुर : भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार निर्वाचन साक्षरता क्लब 2.0 के जरिये मतदाता जागरूकता एवं निर्वाचन साक्षरता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जिला स्तरीय निबंध एवं क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया. माइकेल जॉन ऑडिटोरियम एवं केएमपीएम वोकेशनल कॉलेज में आयोजित उक्त प्रतियोगिता में विभिन्न विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के स्तर पर आयोजित प्रतियोगिताओं के विजेता प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया. (नीचे भी पढ़ें)

इस अवसर पर माइकल जॉन सभागार में आयोजित सम्मान समारोह में जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त राजीव रंजन ने निबंध प्रतियोगिता एवं क्विज के विजेता प्रतिभागियों को सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं. उन्होंने विद्यार्थियों को निर्वाचन प्रक्रिया, लोकतांत्रिक मूल्यों एवं मताधिकार के महत्व के प्रति जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया. निर्वाचन साक्षरता क्लब के माध्यम से विद्यार्थियों में लोकतांत्रिक व्यवस्था की समझ विकसित करने तथा उन्हें जागरूक एवं जिम्मेदार नागरिक बनाने की दिशा में ऐसे आयोजन महत्वपूर्ण हैं. (नीचे भी पढ़ें)

निबंध प्रतियोगिता में प्रथम स्थान जमशेदपुर पूर्व विधानसभा क्षेत्र के बर्मामाइंस स्थित राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान की छात्रा पूजा सोरेन के मिला. इसके अलावा इसी क्षेत्र के गोलमुरी स्थित सेंट जोसेफ हाई स्कूल के छात्र अंशु कुमार सिंह को द्वितीय, जमशेदपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत सेक्रेड हार्ट कॉन्वेंट स्कूल की छात्रा प्रियांशी मंडल को तृतीय, पोटका विधानसभा क्षेत्र स्थित हल्दाजुड़ी उत्क्रमित उच्च विद्यालय की छात्रा उषा मार्डी को चतुर्थ एवं जुगसलाई विधानसभा क्षेत्र के एसएस प्लस टू हाई स्कूल की छात्रा आशा कर्मकार को पंचम स्थान मिला है. (नीचे भी पढ़ें)

क्विज में प्रथम स्थान जमशेदपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र स्थित सेक्रेड हार्ट कॉन्वेंट स्कूल की छात्रा नबीला जैनब एवं नरभेराम हंसराज स्कूल की श्रेया जायसवाल की टीम को मिला है. इसी तरह द्वितीय स्थान पोटका विधानसभ क्षेत्र के भालुकपतरा अष्टकोशी प्लस टू हाई स्कूल के शिवम पाणि एवं प्रोजेक्ट गर्ल्स हाई स्कूल की बरखा रानी मंडल को, वहीं तृतीय स्थान जमशेदपुर पूर्व विधानसभा क्षेत्र के वैली व्यू स्कूल की टीम के साजन कुमार भगत एवं लक्ष्य सिंह को प्राप्त हुआ है. कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को निर्वाचन प्रक्रिया, मतदाता के अधिकार एवं लोकतंत्र में सक्रिय भागीदारी के महत्व से जोड़ने का प्रयास किया गया. इस अवसर पर धालभूम अनुमंडल पदाधिकारी अर्णव मिश्रा, अपर जिला दण्डाधिकारी मुकेश मच्छुआ, अपर उपायुक्त अनुराग कुमार तिवारी, राष्ट्रीय नियोजन कार्यक्रम (एनईपी) के निदेशक राजेश कुमार, घाटशिला अनुमंडल पदाधिकारी अमिताभ भगत, उप निर्वाचन पदाधिकारी प्रियंका सिंह एवं अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे.












