जमशेदपुर : जमशेदपुर के कदमा टावर रोड स्थित टाटा स्टील के क्वार्टर संख्या एल5-55 को खाली कराने पहुंची टाटा स्टील यूआईएसएल (पूर्व में जुस्को) और एसआरटी की टीम को शुक्रवार सुबह भारी विरोध और हंगामे के बावजूद खाली कराया गया. कंपनी की ओर से आरोप लगाया गया है कि ट्रैफिक पुलिस के एएसआई अमरेश कुमार सिंह पिछले ढाई वर्षों से कथित रूप से ताला तोड़कर क्वार्टर में अवैध रूप से रह रहे हैं. कंपनी की टीम जब क्वार्टर खाली कराने पहुंची तो दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक शुरू हो गयी. (नीचे भी पढ़ें)

टाटा स्टील यूआईएसएल के अधिकारियों ने कहा कि कंपनी की संपत्ति पर अवैध कब्जा किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. उनका आरोप है कि क्वार्टर खाली कराए जाने के बाद बिजली और पानी की आपूर्ति बंद कर दी जाती है, इसके बावजूद यहां चोरी से बिजली और पानी का उपयोग किया जा रहा था, जिससे कंपनी को आर्थिक नुकसान हुआ है. (नीचे भी पढ़ें)
अधिकारियों के अनुसार, अमरेश कुमार सिंह को कई बार मौखिक रूप से क्वार्टर खाली करने के लिए कहा गया था तथा लिखित नोटिस भी जारी किए गए थे. कंपनी का दावा है कि नोटिसों की अनदेखी की गयी और कार्रवाई के प्रयासों को दबाव बनाकर रोका जाता रहा. शुक्रवार को भी कार्रवाई के दौरान वर्दीधारी पुलिसकर्मी द्वारा टीम से उलझने और धमकी देने का आरोप लगाया गया. वहीं, एएसआई अमरेश कुमार सिंह और उनके परिवार ने कंपनी के सभी आरोपों को खारिज कर दिया. (नीचे भी पढ़ें)
हंगामे के दौरान उन्होंने कहा कि उन्हें किसी प्रकार का नोटिस प्राप्त नहीं हुआ है और वे क्वार्टर खाली नहीं करेंगे. घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया. टाटा स्टील यूआईएसएल ने बताया कि मामले की लिखित सूचना पहले ही स्थानीय थाने को दी जा चुकी है. (नीचे भी पढ़ें)

कंपनी का कहना है कि पुलिस प्रशासन के सहयोग से अवैध कब्जा हटाने और क्वार्टर को सील करने की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही.







