
जमशेदपुर : जमशेदपुर में कोरोना महामारी को लेकर प्रशासन सरकारी आदेश को सख्ती से पालन कराने में जुटी है. बावजूद इसके हर दिन शहर में बाजारों में लोग एवं कारोबारी नियमों को ताक पर रख अपने साथ आम लोगों की जिंदगी को भी खतरे में डाल रहे हैं. हर दिन सरकारी आदेश का पालन कराने को लेकर प्रशासन को सख्ती बरतनी पड़ रही है. आपको बता दें कि जमशेदपुर में कोरोना वायरस का संक्रमण खरतनाक स्तर पर है. हर दिन मौत के आंकड़े डरावने होते जा रहे हैं. सरकारी आदेश के तहत दिन के दो बजे तक ही जरूरी सेवाओं के दुकानों को खोले जाने का आदेश है मगर हर दिन दो बजे के बाद प्रशासन को सख्ती बरतनी पड़ रही है. हर दिन दुकानदार और ग्राहको को प्रशासनिक सख्ती का सामना करना पड़ रहा है. वैसे प्रशासनिक सख्ती से अगर कोरोना का आतंक थम गया होता तो आज देश में तबाही का ऐसा मंजर नहीं होता. लोगों को खुद भी अपनी भागीदारी इस वैश्विक आपदा से निबटने के लिए सुनिश्चित करनी होगी.












