जमशेदपुर: जमशेदपुर में फैशन, सौंदर्य और ग्लैमर की दुनिया को नया आयाम देने की तैयारी शुरू हो गई है. इसी कड़ी में आगामी 19 दिसंबर को जमशेदपुर के द अल्कोर होटल में झारखंड कॉउचर वीक एवं फॉवेल ब्यूटी एक्सपो का संयुक्त आयोजन किया जाएगा. इस आयोजन के माध्यम से फैशन और ब्यूटी इंडस्ट्री से जुड़े प्रतिष्ठित व्यक्तित्वों, फैशन डिजाइनरों, मॉडलों, मेकअप आर्टिस्टों, ब्यूटी विशेषज्ञों और उद्यमियों को एक साझा मंच पर लाने की पहल की गई है. आयोजकों के अनुसार इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य फैशन एवं सौंदर्य के क्षेत्र में उभरती प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना और उन्हें अपनी रचनात्मक क्षमता प्रदर्शित करने का अवसर उपलब्ध कराना है. इसके साथ ही उद्योग से जुड़े लोगों के बीच संवाद, नेटवर्किंग और व्यावसायिक संभावनाओं को भी बढ़ावा दिया जाएगा. झारखंड कॉउचर वीक और फॉवेल ब्यूटी एक्सपो, दोनों ही फॉवेल प्रोडक्ट एंड सर्विस (ओपीसी) प्राइवेट लिमिटेड की महत्वाकांक्षी पहल हैं. संस्था फैशन, मनोरंजन, सौंदर्य और रचनात्मक प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने की दिशा में काम कर रही है. इन दोनों आयोजनों को आइकॉनिक फैशन एकेडमी के साहबाज खान का विशेष सहयोग प्राप्त है. एकेडमी फैशन एवं रचनात्मक क्षेत्र में नई प्रतिभाओं को प्रशिक्षण देने और उन्हें आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है. (नीचे भी पढ़ें)
फैशन डिजाइनरों और मॉडलों को मिलेगा मंच : झारखंड कॉउचर वीक के माध्यम से स्थापित और नवोदित फैशन डिजाइनरों, मॉडलों तथा फैशन ब्रांड्स को अपनी प्रतिभा और कलेक्शन प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा. इसमें भारतीय फैशन की पारंपरिक विरासत और आधुनिक रचनात्मकता का संगम देखने को मिलेगा. झारखंड समेत देश के विभिन्न हिस्सों से आने वाले डिजाइनरों एवं मॉडलों को अपनी पहचान स्थापित करने और फैशन इंडस्ट्री में नए अवसर तलाशने का मौका मिलेगा. (नीचे भी पढ़ें)
ब्यूटी और कॉस्मेटिक्स इंडस्ट्री पर रहेगा विशेष फोकस : वहीं, फॉवेल ब्यूटी एक्सपो सौंदर्य एवं कॉस्मेटिक्स उद्योग को समर्पित होगा. इसमें ब्यूटी एक्सपर्ट्स, मेकअप आर्टिस्ट्स, स्किनकेयर प्रोफेशनल्स, कॉस्मेटिक ब्रांड्स और इस क्षेत्र से जुड़े विशेषज्ञ हिस्सा लेंगे. एक्सपो में उत्पादों का प्रदर्शन, ब्रांड प्रमोशन, व्यावसायिक नेटवर्किंग और उद्योग से जुड़े पेशेवरों के बीच सहयोग को बढ़ावा दिया जाएगा. (नीचे भी पढ़ें)
कमलजीत कौर के नेतृत्व में स्थानीय टीम संभालेगी जिम्मेदारी : इस बड़े आयोजन की तैयारियों में जमशेदपुर की स्थानीय टीम भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है. स्थानीय आयोजन टीम का नेतृत्व में कमलजीत कौर कर रही हैं. उनके साथ पिंकी कुमारी, प्रीति कुमारी, निशा सिंह, युवराज सिंह, हर्षित अग्रवाल, पूजा कुमारी सिंह, सरनजीत कौर एवं हरम जोरा आयोजन समिति के महत्वपूर्ण सदस्य के रूप में अपनी जिम्मेदारियां निभा रहे हैं. टीम स्थानीय प्रतिभाओं और उद्योग जगत के प्रतिनिधियों के साथ समन्वय स्थापित करने के अलावा आयोजन के सफल संचालन की तैयारियों में जुटी है. (नीचे भी पढ़ें)
जमशेदपुर को फैशन और ब्यूटी का उभरता केंद्र बनाने का लक्ष्य : इस संबंध में फॉवेल प्रोडक्ट एंड सर्विस (ओपीसी) प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक संजोग पटनायक ने कहा कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य जमशेदपुर को फैशन एवं ब्यूटी आयोजनों के एक उभरते हुए केंद्र के रूप में स्थापित करना है. उन्होंने कहा कि संस्था स्थानीय प्रतिभाओं, फैशन डिजाइनरों, मॉडलों और उद्यमियों को व्यापक मंच उपलब्ध कराने के साथ-साथ उनके लिए नए अवसरों का सृजन करना चाहती है. उन्होंने उम्मीद जताई कि झारखंड कॉउचर वीक एवं फॉवेल ब्यूटी एक्सपो का यह संयुक्त आयोजन जमशेदपुर सहित पूरे झारखंड में फैशन, सौंदर्य, उद्यमिता और रचनात्मक गतिविधियों को नई पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण साबित होगा.












