जमशेदपुर: जमशेदपुर में ट्रांसफार्मर में आग लगने की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं, जिससे लोगों में दहशत का माहौल है. बुधवार दोपहर जुगसलाई थाना क्षेत्र के घोड़ा चौक के सामने स्थित एक ट्रांसफार्मर में अचानक आग लग गई. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग अपने-अपने घरों व दुकानों से बाहर निकल आए. स्थानीय लोगों ने बताया कि ट्रांसफार्मर से पहले धुआं उठता दिखाई दिया, जिसके कुछ ही पलों बाद आग की लपटें तेज हो गईं. आग की सूचना मिलते ही संबंधित विभाग को जानकारी दी गई, जिसके बाद मौके पर टीम पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया गया. (नीचे भी पढ़ें)
हालांकि, इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन आसपास के क्षेत्र में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई. गौरतलब है कि यह कुछ ही घंटों के भीतर ट्रांसफार्मर में आग लगने की दूसरी घटना है. इससे पहले मानगो क्षेत्र में भी इसी तरह की घटना सामने आई थी. प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट और बढ़ती गर्मी को आग लगने का मुख्य कारण माना जा रहा है. लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से लोगों ने बिजली विभाग से सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की है.











