जमशेदपुर: जमशेदपुर के सोनारी थाना अंतर्गत न्यू ग्वाला बस्ती स्थित यादव भवन के पास एक पुआल टाल में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लग गई. यह घटना मंगलवार रात 8:00 बजे की बताई जा रही है. अचानक लगी आग से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग दहशत में आ गए. आग की लपटें तेज़ी से फैलने लगीं, जिससे पास के घरों को भी खतरा उत्पन्न हो गया.(नीचे भी पढ़े)

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए दमकल विभाग को जानकारी दी. सूचना पाकर दमकल की एक गाड़ी मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया. दमकल कर्मियों की सूझबूझ से बड़ा हादसा टल गया. हालांकि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन पुआल टाल में रखा सारा पुआल जलकर राख हो गया, जिससे संबंधित परिवार को आर्थिक नुकसान हुआ है. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है.







