जमशेदपुर : जमशेदपुर के गोलमुरी थाना क्षेत्र के महज 50 मीटर की दूरी पर बुधवार सुबह दिनदहाड़े ताबड़तोड़ फायरिंग की गयी. इस हमले में फल कारोबारी कन्हैया यादव नामक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. उसे तत्काल स्थानीय लोगों की सहायता से टीएमएच में भर्ती कराया गया, जहां उसकी स्थिति नाजुक बनी हुई है. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाइक सवार दो अपराधी अचानक पहुंचे और कन्हैया यादव पर कई राउंड गोलियां चला दीं. (नीचे भी पढ़ें)

बताया जा रहा है कि उसे तीन से अधिक गोलियां लगी हैं. फायरिंग की आवाज सुनते ही आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाकर इधर-उधर भागने लगे. घटना को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं. पुलिस अपराधियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है. बुधवार सुबह बदमाशों ने गोलीकांड को अंजाम देकर पुलिस प्रशासन को खुली चुनौती दी है.







