जमशेदपुर : जमशेदपुर के साकची थाना क्षेत्र के मरीन ड्राइव सड़क पर बुधवार दोपहर करीब एक बजे उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब चार युवकों द्वारा एक युवक के साथ कथित रूप से मारपीट की जा रही थी. व्यस्त सड़क पर अचानक हुई इस घटना से राहगीरों में दहशत फैल गई. स्थिति गंभीर होने से पहले ही गश्ती पुलिस की समय पर पहुंच से संभावित बड़ा हादसा टल गया. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, भुईयांडीह के चार युवक मिलकर एक युवक को पीट रहे थे. इसी दौरान वहां से गुजर रही पुलिस की गश्ती टीम की नजर घटना पर पड़ी. पुलिस को आते देख तीन युवक मौके से फरार हो गए, जबकि एक युवक को पुलिस ने पकड़ लिया. (नीचे भी पढ़ें)
पकड़े गए युवक की पहचान अविनाश कुमार के रूप में हुई है. उसे पूछताछ के लिए साकची थाना ले जाया गया है. इधर, मारपीट का शिकार युवक भी मौके पर मची अफरा-तफरी का फायदा उठाकर वहां से भाग निकला. फिलहाल उसकी पहचान स्पष्ट नहीं हो सकी है. घटना के कारणों का अब तक खुलासा नहीं हो पाया है. पुलिस मामले की जांच में जुटी है और फरार युवकों की तलाश की जा रही है. प्रारंभिक जांच में आपसी विवाद की आशंका जताई जा रही है. पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने की प्रक्रिया शुरू कर दी है, ताकि घटना की वास्तविक वजह सामने लाई जा सके.








