जमशेदपुर : झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री सह जमशेदपुर पश्चिम के विधायक बन्ना गुप्ता ने सोमवार को जमशेदपुर के सर्किट हाउस में मानगो फ्लाईओवर, जुगसलाई आरओबी और गोविंदपुर आरओबी को लेकर प्रशासनिक अधिकारियों, टाटा स्टील यूआइएसएल (पहले जुस्को), मानगो नगर निगम, जमशेदपुर अक्षेस एवं पथ निर्माण विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की. स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि मानगो फ्लाईओवर का मार्ग प्रशस्त हो चुका है. 15 दिनों के भीतर काम शुरू हो जाएगा. वहीं गोविंदपुर आरओबी एक गंभीर मुद्दा है, जिस पर इस बैठक में मंथन किया गया है. उन्होंने बताया कि बैठक का उद्देश्य कम से कम नुकसान और अधिक से अधिक फायदा लोगों को मिले. वहीं उद्घाटन के इंतजार में जुगसलाई रेल ओवर ब्रिज को लेकर भी जरूरी दिशा निर्देश दिए गए हैं. (नीचे भी पढ़ें और देखें वीडियो)
उन्होंने कहा कि वर्तमान हेमंत सोरेन सरकार हर वर्ग के लोगों की सुविधा का ध्यान रखते हुए योजना तैयार करती है. इस बैठक के जरिए संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को उचित दिशा- निर्देश दे दिए गए हैं. जल्द ही योजनाएं धरातल पर उतारने की कवायद शुरू होगी. मानगो फ्लाइओवर का डिजाइन बदली किया गया है. इस नये डिजाइन को लेकर टाटा स्टील ने अपनी ओर से सैद्धांतिक सहमति दे दी है. मानगो के फ्लाइओवर में कुछ बदलाव होगा. साकची वाटर ट्रीटमेंट प्लांट के पास इसको मानगो से लाकर नीचे लाया जायेगा, जिसको लेकर एनओसी टाटा स्टील प्रदान करेगी. इसके अलावा जुगसलाई में बन रहे रेलवे ओवरब्रिज के पास पेवर्स ब्लॉक लगाये जायेंगे जबकि वहां लाइटिंग का इंतजाम नहीं है, जिसकी व्यवस्था करने का फैसला लिया गया. गोविंदपुर आरओबी का डिजाइन भी बदलने पर विचार हुआ ताकि कम से कम मकान और दुकान इसकी जद में आ सके.











