जमशेदपुर : जमशेदपुर में एटीएम कार्ड फंसाकर साइबर ठगी का एक नया मामला सामने आया है. सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के भालूबासा स्थित एसबीआई एटीएम में ठगों ने एक व्यक्ति के बैंक खाते से 47,800 रुपये निकाल लिए. घटना के बाद पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. (नीचे भी पढ़ें)
जानकारी के अनुसार, सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के आद्या मंदिर रोड स्थित रेडियो मैदान निवासी कामता प्रसाद 30 मई को भालूबासा स्थित एसबीआई एटीएम में पैसे निकालने पहुंचे थे. इसी दौरान उनका एटीएम कार्ड मशीन में फंस गया. एटीएम के बाहर मौजूद एक अज्ञात व्यक्ति ने उन्हें बैंक में शिकायत करने की सलाह दी. कामता प्रसाद बैंक में शिकायत करने पहुंचे, लेकिन इस बीच उनके बैंक खाते से 47,800 रुपये की निकासी हो चुकी थी. (नीचे भी पढ़ें)
खाते से रकम कटने की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने सीतारामडेरा थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई. प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और एटीएम केंद्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है. पुलिस का कहना है कि फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी.







