जमशेदपुर : मानगो के गांधी मैदान में हिदाया सोशल वेलफेयर सोसाइटी की तरफ से आगामी 21 जनवरी को खेल प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है. करीम सिटी कॉलेज के संस्थापक स्व तफज्जुल करीम की याद में इस खेल प्रतियोगिता का आयोजन किया जाता है.
हिदाया सोशल वेलफेयर सोसाइटी के अध्यक्ष डॉ अफरोज शकील एवं ताहिर हुसैन ने मानगो गांधी मैदान में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में उक्त जानकारी देते हुए बताया कि इस आयोजन में टीमें बिना किसी शुल्क के शामिल हो सकती हैं. किसी से कोई एंट्री फीस नहीं ली जाएगी. इस प्रतियोगिता के तहत फुटबॉल, एथलेटिक्स, क्रिकेट आदि खेलों का आयोजन होगा. इस मौके पर डॉक्टर शकील के साथ अफरोज असलम गुड्डू और शाहिद अख्तर भी उपस्थित थे. उन्होंने कहा कि अंकों के आधार पर विजेताओं को इनामी राशि के साथ ही तफज्जुल करीम ट्रॉफी से भी नवाजा जायेगा. इसके अलावा टूर्नामेंट के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी एवं सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर को भी पुरस्कृत किया जायेगा.



