जमशेदपुर : जमशेदपुर के गोलमुरी चौक पर आये दिन होने वाले सड़क हादसों को रोकने के लिए युवाओं की चार दिन से चल रही भूख हड़ताल सोमवार को समाप्त हो गयी. रक्षाबंधन के दिन सड़क पर डिवाइडर बनवाने का संकल्प लेकर अनशन पर बैठे धर्मबीर कुशवाहा ने सोमवार की शाम 4 बजे अपना अनशन खत्म कर दिया. सोमवार सुबह टाटा स्टील के अफसरों और ट्रैफिक डीएसपी ने धरना स्थल पर आकर बजरंग सेवा संस्थान के सागर तिवारी से बात की. प्रशासन ने युवाओं की सभी मांगें मान लीं. इसके तुरंत बाद टाटा स्टील यूआइएसएल की टीम ने गोलमुरी चौक पर डिवाइडर और स्पीड ब्रेकर बनाने का काम शुरू कर दिया. साथ ही जल्द गोलचक्कर बनाने का भी भरोसा दिया. (नीचे भी पढ़े)
जमीन पर काम शुरू होते ही युवाओं ने नारियल फोड़कर खुशी मनायी. इसके बाद बहनों ने धर्मबीर को जूस पिलाकर उनका अनशन तुड़वाया. धर्मबीर ने कहा कि यह किसी नेता की नहीं, बल्कि शहर के आम लोगों की जीत है. रक्षाबंधन के दिन जो संकल्प लिया था. वह आज पूरा हो गया. इस मौके पर सागर तिवारी, प्रदीप सिंह, ब्यूटी तिवारी, विभा यादव, बिरबल, विशाल, अन्नू चौबे, सुनीता, सुमित, विवेक, संजय सोनी, अनुज सिंह, नीतिश पांडेय, राकेश सहित बजरंग सेवा संस्थान के सदस्य एवं समर्थक उपस्थित थे. दूसरी ओर, इससे पहले आजसू नेता अप्पू तिवारी ने भी इसी मुद्दे को लेकर धरना दिया था.








