जमशेदपुर : जमशेदपुर के गोविंदपुर थाना क्षेत्र स्थित सेरेंगबेड़ा बस्ती और भोला बगान के लोगों के बीच मारपीट हो गयी. दबंगों और ग्रामीणों के बीच गुरुवार को जमकर मारपीट हो गयी. इस घटना के दौरान वहां जमीन की घेराबंदी करने वाले तथाकथित भाजपा नेता प्रदीप प्रकाश और उनके लोगों द्वारा बोलेरो से ग्रामीणों को रौंदने की भी कोशिश की गयी, जिसमें कई लोग घायल हो गये. एक घायल जयराम को टाटा मोटर्स अस्पताल ले जाया गया है, जहां इलाज चल रहा है. इस घटना के बाद स्थानीय लोगों ने गोविंदपुर की मुख्य सड़क को जाम कर दिया है और हंगामा चल रहा है. गोविंदपुर थाना प्रभारी दल बल के साथ मौके पर पहुंचे है. (नीचे देखे पूरी खबर)

बताया जाता है कि भोला बगान के आसपास के इलाके में पहले से ही भाजपा नेता प्रदीप प्रकाश और अन्य लोगों द्वारा जमीन की घेराबंदी की जा रही है और वहां बड़ी गाड़ियों की पार्किंग कराकर पैसे की उगाही की जाती है. इसको लेकर सेरेंगबेड़ा बस्ती के लोगों ने अपनी बस्ती की घेराबंदी कर दी थी. बताया जाता है कि सेरेंगबेड़ा के आसपास के एरिया की जमीन की भी घेराबंदी करने की कोशिश हो रही थी, जिसको रोकने की कोशिश जब बस्ती के लोगों ने की तो दबंगों ने अपने बोलेरो से ही लोगों को रौंद देने की कोशिश की. चीख पुकार मच गयी. बोलेरो वाले वहां लोगों को घायल करने के बाद भाग निकले. (नीचे देखे पूरी खबर)

इसके बाद कुछ लोगों की पिटाई भी दबंगों ने कर दी और वहां से भाग निकले. इस घटना के बाद स्थानीय लोगों ने रोड जाम कर दिया और मांग करने लगे कि दबंगों से जमीन को बचाया जाये और इस तरह की घेराबंदी को रोका जाये. लोगों को स्थानीय पुलिस समझाने की कोशिश कर रही है और पुलिस ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जायेगा और जमीन की सुरक्षा की जायेगी. (नीचे देखे पूरी तस्वीरें)







