
जमशेदपुर : जमशेदपुर में हेलमेट चेकिंग को लेकर दो अलग-अलग तरह के कदम उठाये गये. जमशेदपुर के डीसी रविशंकर शुक्ला ने सोमवार को जमशेदपुर के डीसी ऑफिस से एक मोटरसाइकिल रैली को रवाना किया. इसमें सिने स्टार माधुरी दीक्षित के दिवाने पप्पू सरदार ने नेतृत्व किया. इसके साथ जमशेदपुर पुलिस के जवान बाइक पर सवार थे. इसको हरी झंडी दिखाकर जमशेदपुर के डीसी ने रवाना किया और कहा कि इससे स्थिति और बेहतर होगी और लोगों में हेलमेट पहनने के प्रति जागरूकता आयेगी. इस दौरान यह वाहन रैली पूरे जमशेदपुर का भ्रमण किया और रैली के जरिये सबको जानकारी दी गयी कि हेलमेट पहनना काफी जरूरी है.
इसके अलावा युवा आवाज नामक एक संस्था के जरिये युवाओं का एक दल जमशेदपुर डीसी ऑफिस पहुंच गये. इन लोगों ने हेलमेट चेकिंग के नाम पर अवैध वसूली किये जाने का जोरदार विरोध किया. इन लोगों ने कहा कि हेलमेट चेकिंग जान बचाने के लिए हो न कि अवैध वसूली करने का जरिया बने.

इन लोगों ने यह भी मांग की कि अगर हेलमेट के साथ कोई मर जाता है तो उनको मुआवजा दिया जाये. कम से कम 50 लाख रुपये मुआवजा देने की मांग इन लोगों ने की और मांग की कि हर चौक चौराहे पर यातायात पुलिस की तैनाती हो, जो जाम से निजात लोगों को दिलाये. हेलमेट चेकिंग के नाम पर कोई गुंडागर्दी करें तो तत्काल कार्रवाई की जाये और सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में हेलमेट चेकिंग अभियान चलाया जाये.
ज्ञापन देने में सागर तिवारी, राजकुमार पाठक, राकेश चोरसिया, राहुल चोरसिया, विशाल ढ़ोके, महादेव प्रसाद, आशीष कुमार, समरेश पांडे, सौरभ सिंह,संकेस कुमार , प्रवीण कुमार, धर्मवीर महतो,सुरज तिवारी , अजय रजक, आशुतोष, राहुल आदि उपस्थित थे.






