जमशेदपुर : जमशेदपुर के बिष्टुपुर माइकल जॉन ऑडिटोरियम में हेल्प क्रॉस सोसाइटी, इनाली फाउंडेशन एवं रोटरी क्लब ऑफ पुणे डाउन टाउन के संयुक्त सहयोग से दिव्यांगजनों के लिए दो दिवसीय निःशुल्क कृत्रिम हाथ प्रत्यारोपण शिविर का आयोजन किया गया. शिविर का उद्घाटन धालभूम के अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) अर्णव मिश्रा ने किया. इस अवसर पर एसडीओ अर्णव मिश्रा ने हेल्प क्रॉस सोसाइटी के चेयरमैन कुलवंत सिंह बंटी एवं उनकी पूरी टीम के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि जिन दिव्यांगजनों को कृत्रिम हाथ लगाए जा रहे हैं, उनके जीवन में एक नई शुरुआत हो रही है. यह पहल उन्हें आत्मनिर्भर बनने और सम्मान के साथ जीवन जीने का अवसर प्रदान करेगी. शिविर के दौरान ओडिशा से आए हेमंत महापात्र को कृत्रिम हाथ लगाए जाने के बाद मोटरसाइकिल चलाते देखना सभी के लिए अद्भुत और भावुक क्षण रहा. वहीं, कुलवंत सिंह बंटी ने बताया कि प्लस टू के छात्र कौशत्व सरकार के दोनों हाथ नहीं थे. (नीचे भी पढ़े)
कृत्रिम हाथ लगने के बाद जब उसने उन्हीं हाथों से लिखकर दिखाया, तो यह उसके जीवन में नई उम्मीद और आत्मनिर्भरता की शुरुआत का प्रेरणादायक क्षण बन गया. अब वह अपने दैनिक कार्य स्वयं करने की दिशा में आगे बढ़ सकेगा. कुलवंत सिंह बंटी ने कहा कि हेल्प क्रॉस सोसाइटी का उद्देश्य जरूरतमंद दिव्यांगजनों के जीवन में आशा, आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता लाना है. यह शिविर केवल कृत्रिम हाथ लगाने का कार्यक्रम नहीं, बल्कि लोगों को अपने सपनों को पूरा करने का नया अवसर देने का प्रयास है. कार्यक्रम में चैंबर अध्यक्ष इंद्र अग्रवाल, मानव केडिया, महेश अग्रवाल, जवाहर विग, उदित अग्रवाल, आशुतोष सिंह, बिनोद कसेरा, राजेश कुमार, अमित नागेलिया, मनोज सिन्हा, मुकेश कुमार सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे. कार्यक्रम के अंत में बीके शर्मा ने धन्यवाद ज्ञापन किया. आयोजकों ने बताया कि शिविर का अंतिम दिन, 28 अक्टूबर है. जिन दिव्यांगजनों के हाथ नहीं हैं और जिन्हें कृत्रिम हाथ की आवश्यकता है, उनसे अपील की गई है कि वे इस निःशुल्क शिविर का अधिक से अधिक लाभ उठाएं. जरूरतमंद व्यक्ति समय रहते शिविर में पहुंचकर इस पहल से जुड़ें और आत्मनिर्भर जीवन की दिशा में एक नई शुरुआत करें.












