जमशेदपुर : जमशेदपुर के टेल्को थाना क्षेत्र के प्लाजा मार्केट के पास मंगलवार दोपहर करीब एक बजे पार्किंग के दौरान एक कार अनियंत्रित होकर नाली में जा घुसी. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोगों की भीड़ जुट गई. हालांकि, कार में सवार एक पुरुष, एक महिला और एक बच्चा सुरक्षित रहे. हादसे में किसी को चोट नहीं आई. (नीचे भी पढ़ें)
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, चालक प्लाजा मार्केट के पास कार पार्क करने का प्रयास कर रहा था. सड़क के दोनों ओर घास और बीच में नाली होने के कारण चालक को नाली दिखाई नहीं दी. इसी दौरान कार का संतुलन बिगड़ गया और वह नाली में जा फंसी. घटना के बाद आसपास मौजूद लोग कार सवारों की मदद के लिए आगे आए. लोगों ने काफी मशक्कत के बाद धक्का देकर कार को नाली से बाहर निकाला. गनीमत रही कि इस घटना में किसी को चोट नहीं आई. कार के बाहर निकलने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली. स्थानीय लोगों के अनुसार, नाली दिखाई नहीं देने के कारण यह हादसा हुआ. घटना के बाद कुछ देर तक मौके पर लोगों की भीड़ लगी रही.












