
जमशेदपुर : जमशेदपुर के जादूगोड़ा यूसिल माइंस में कार्यरत ठेका मजदूर सुरेश मुखी की मौत के बाद परिजनों तथा सामाजिक संगठन के लोगों ने परिजन को स्थायी नौकरी और पांच लाख रुपए मुआवजा की मांग की है. जानकारी हो कि कार्य के दौरान सुरेश मुखी की मौत हो गई थी. जिसके बाद जादूगोड़ा मुखी समाज विकास समिति और बस्तीवासियों ने परिजनों संग सोमवार को यूसिल कंपनी प्रवेश के मुख्य गेट को जाम कर नौकरी और मुआवजा की मांग की. वहीं भीम आर्मी के प्रदेश उपाध्यक्ष आकाश मुखी ने भी परिजनों को इंसाफ की मांग उठाई है. इनके द्वारा मजदूर की मौत के लिए कंपनी प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाया है. उन्होंने कहा है कि यूसिल जादूगोड़ा अस्पताल की लापरवाही के कारण सुरेश मुखी की मौत हुई है. क्योंकि यहां पर किसी प्रकार का भी प्राथमिक उपचार उसे नहीं दिया गया और सीधे एमजीएम रेफर कर दिया जहां ईलाज के दौरान मजदूर की मौत हो गई.





