जमशेदपुर : जमशेदपुर के उलीडीह स्थित जनता यूनाइटेड दल (जदयू) की उलीडीह थाना समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक महावीर कॉलोनी में आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता थाना अध्यक्ष प्रवीण सिंह ने की. बैठक में जदयू महानगर अध्यक्ष अजय कुमार समिति के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे. बैठक में सर्वसम्मति से आगामी दिनों में मानगो नगर निगम कार्यालय के घेराव का निर्णय लिया गया. थाना क्षेत्र के कार्यकर्ताओं ने बताया कि क्षेत्र में मानगो नगर निगम द्वारा साफ-सफाई, कचरा उठाव, नाली सफाई, स्ट्रीट लाइट मरम्मत, फॉगिंग, ब्लीचिंग पाउडर छिड़काव, डोर-टू-डोर कचरा उठाव तथा सड़क मरम्मत जैसे आवश्यक कार्यों में लगातार शिथिलता बरती जा रही है. (नीचे भी पढ़ें)

कार्यकर्ताओं ने कहा कि क्षेत्रवासियों को पर्याप्त नागरिक सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं, जिससे जनता में भारी आक्रोश है. इसी के विरोध में जदयू ने मानगो नगर निगम कार्यालय के खिलाफ ‘हल्ला बोल’ आंदोलन करने का फैसला लिया है. आंदोलन के तहत नगर निगम कार्यालय का घेराव कर जिम्मेदार अधिकारियों को उनकी जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक किया जाएगा. बैठक में प्रमुख रूप से कुलविंदर सिंह पन्नू, विकाश साहनी, संजीव सिंह, प्रवीण सिंह, मनोज गुप्ता, संजय सिंह, बिजेंद्र सिंह, मनोज राय, आनंद पांडेय, परमेंद्र राम, राहुल तिवारी, योगेन्द्र साहू, सागर दत्ता, सुनील महतो, रितु शर्मा, संगीता शर्मा एवं प्रतिभा सिंह उपस्थित रहे.















