जमशेदपुर : टाटा स्टील के ब्लास्ट फर्नेस जेडीसी में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया. इसके साथ ही नए ट्रॉली प्वाइंट का फीता काटकर उद्घाटन किया गया. कार्यक्रम में टाटा वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष संजीव कुमार चौधरी टुन्नु, उपाध्यक्ष शैलेश सिंह, ब्लास्ट फर्नेस के प्रमुख सुरजीत सिन्हा, जी ब्लास्ट फर्नेस के चीफ सुभाषिस कुंडू, जी ब्लास्ट फर्नेस के हेड डीआर राजू, एचआर तेजवीर सिंह, ब्लास्ट फर्नेस के जेडीसी चेयरमैन संजय सिंह, कमेटी मेंबर कुंदन कुमार, अजय कुमार, एलएन सिंह, सुवेंदु नंदी, अमिताभ एवं उज्ज्वल सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे. रक्तदान शिविर में कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और कुल 151 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया. (नीचे भी पढ़ें)

रक्तदाताओं के उत्साह की सराहना करते हुए उपस्थित अतिथियों ने कहा कि रक्तदान मानव सेवा का एक महत्वपूर्ण माध्यम है. रक्त की आवश्यकता वाले मरीजों की जिंदगी बचाने में रक्तदाताओं का योगदान बेहद महत्वपूर्ण है. इस अवसर पर नए ट्रॉली प्वाइंट का भी उदघाटन किया गया. इस नई सुविधा से कर्मचारियों को कार्यस्थल पर बेहतर सुविधा मिलेगी तथा कार्य व्यवस्था को और सुचारु बनाने में मदद मिलेगी. उपस्थित अतिथियों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि कर्मचारियों की सुविधा और सामाजिक सरोकारों से जुड़े ऐसे कार्य भविष्य में भी जारी रहने चाहिए. कार्यक्रम में कर्मचारियों की सक्रिय भागीदारी और उत्साह देखने को मिला. रक्तदान के माध्यम से कर्मचारियों ने सामाजिक जिम्मेदारी के प्रति अपनी प्रतिबद्धता प्रदर्शित की. उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन किया तथा भविष्य में भी इसी प्रकार के सामाजिक एवं कर्मचारी कल्याण से जुड़े कार्यक्रम आयोजित करने पर जोर दिया.




