अन्नी अमृता
जमशेदपुर : देश के आजाद होने के समय से जमशेदपुर के जुगसलाई के लोग एक अदद ओवरब्रिज को तरस रहे थे. कई दशकों के बीत जाने के बाद अंतत: यह बहुप्रतीक्षित रेलवे ओवरब्रिज बना तो सही लेकिन उसका श्रेय लेने की होड़ के बीच बगैर स्ट्रीट लाईट के ही आज सीएम हेमंत सोरेन के हाथों उद्घाटन हो गया.उद्घाटन के साथ ही दशकों पुराना फाटक से होकर जानेवाला रास्ता आम आदमी के लिए बंद हो गया. जाहिर है ओवरब्रिज बना ही इसलिए कि लोग सुरक्षित तरीके से औऱ फाटक के खुलने -बंद होने की परेशानियों से इतर अब आऱाम से आवाजाही करें, किसी की ड्यूटी न छुटे, किसी का स्कूल लेट न हो. लेकिन जिस सुरक्षा के लिए रेलवे ओवरब्रिज बना क्या वह सुरक्षा यहां हासिल हो पाएगी?यह सवाल स्थानीय लोग उठा रहे हैं. जब रेलवे ओरब्रिज बनकर तैयार हो गया तब भाजपा, झामुमो, कांग्रेस सबने अपना अपना क्रेडिट दर्शाना शुरू किया. (नीचे भी पढ़ें)
श्रेय लेने के लिए होड़ सी मच गई. भाजपा ने तो आभार यात्रा भी निकाली. इस होड़ में जनप्रतिनिधि और अन्य लोग ये भूल गए कि ओवरब्रिज पर स्ट्रीट लाईट भी लगवानी होगी वरना सुरक्षा की बात करनी भी बेमानी होगी.इस प्रकार स्ट्रीट लाईट का मुद्दा गौण ही रहा. हालांकि कुछ दिनों पहले स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने निरीक्षण के दौर में स्ट्रीट लाईट न पाकर मुद्दा उठाया औऱ उनकी पहल के बाद 16 जनवरी को जुगसलाई नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी ने राज्य के नगर विभाग के सचिव को पत्र लिखकर स्ट्रीट लाईट के संबंध में प्रशासनिक स्वीकृति औऱ आवंटन को लेकर पत्र लिखा.अब कागजी प्रक्रियाओं में कितनी देर होगी कहना मुश्किल है लेकिन श्रेय लेने की होड़ के बीच बगैर स्ट्रीट लाईट के ही सीएम के हाथों रेलवे ओवरब्रिज के उद्घाटन से स्थानीय लोग खुश नहीं है. एक व्यक्ति ने आशंका जाहिर की कि अंधेरे की वजह से लोगों को दिक्कतें होंगी और अपराधिक वारदातों की संभावनाओं से इंकार नहीं किया जा सकता.पूरे कोल्हान क्षेत्र के व्यवसाई जुगसलाई आते जाते हैं.वहीं एक बडी आबादी अपने औद्योगिक प्रतिष्ठानों और विभिन्न कार्यालयों से आती जाती है. उधर कई लोगों ने संकरा पुल होने की वजह से जाम होने की आशंका भी जाहिर की है. लोगों का कहना है कि लाखों की आबादी जुगसलाई में संकरी गलियों में रहती है और रेलवे ओवरब्रिज बना भी तो संकरा ही जिससे लाखों की आबादी रोजाना आवाजाही करेगी तो जाम ही समस्या तो रहेगी ही. दिक्कतें सिर्फ इतनी ही नहीं है बल्कि ओवरब्रिज में पैदल जाने वालों को 1.2 किलोमीटर का अतिरिक्त पैदल जाना होगा. (नीचे भी पढ़ें)
जुगसलाई एक कारोबारी एरिया है, जहां काफी कर्मचारी काम करते हैं, वहां के कर्मचारियों को दिक्कत होगी क्योंकि फुटओवरब्रिज नहीं बनाया गया है जबकि सांसद ने आश्वासन दिया था कि बन जायेगा. टाटा स्टील से हजारों कर्मचारी बागबेड़ा, परसुडीह समेत अन्य एरिया आते -जाते हैं, जिनमें ज्यादातर पैदल और साईकल से आवाजाही करते हैं. उधर जुगसलाई के बाजार से जुडे व्यवसाई इस ओवरब्रिज के बनने से थोडे मायूस और आशंकित भी हैं.दर असल जुगसलाई एक बडा होलसेल बाजार हैं जहां लोग और व्यवसाई खरीदारी के लिए आते जाते हैं.छोटी संकरी गलियों की वजह से लोग फाटक के इस पार ही गाडी पार्क करके पैदल फाटक पार करके जुगसलाई बाजार चले जाते हैं.लेकिन अब वे ऐसा नहीं कर पाएंगे.ऐसे में ओवरब्रिज के आस पास खाली जगहों पर अगर पार्किंग बन जाए तो सबको सहूलियत होगी नहीं तो व्यवसायियों को आशंका है कि जुगसलाई बाजार आनेवाले लोग इन परेशानियों की वजह से बिष्टुपुर का रुख कर लेंगे. (नीचे भी पढ़ें)

फुट ओवर ब्रिज को लेकर रेलवे प्रशासन के पास पहुंचे लोग
एक तरफ मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन द्वारा जुगसलाई ओवर ब्रिज का उद्घाटन किया गया, वहीं दूसरी ओर उद्घाटन के तुरंत बाद रेल प्रशासन द्वारा जुगसलाई रेलवे फाटक को बंद करने के लिए सड़क पर गड्ढे कर दिए ताकि कोई आना-जाना ना कर सके. इसी दौरान कुछ लोग इसका विरोध करने लगे और इसकी तत्काल जानकारी नागरिक संघर्ष समिति के अध्यक्ष सरदार शैलेंद्र सिंह को दी गई. सरदार शैलेंद्र सिंह जब वहां पहुंचे तो उन्होंने रेल अधिकारियों से कहा कि रेल प्रशासन के उच्च पदाधिकारियों से नागरिकों की वार्ता हुई थी जिसमें तय हुआ था कि पैदल आने जाने वाले लोगों के लिए यहां पर पहले फुटओवर ब्रिज बनाया जाएगा, लेकिन अभी तक फुट ओवर ब्रिज तो बना नहीं और पहले ही सड़क को बंद कर दिया जा रहा है जो गलत है. शैलेंद्र सिंह के साथ अन्य लोग भी इसका विरोध करने लगे जीआरपी थाना प्रभारी संजय तिवारी एवं अन्य द्वारा समझाया गया कि आप रेल अधिकारियों से बात करें. उसी वक्त सरदार शैलेंद्र सिंह की बात रेलवे के टाटानगर के क्षेत्रीय प्रबंधक से हुई तो उन्होंने रेलवे कार्यालय में आकर बात करने का न्योता दिया ताकि इस पूरे प्रकरण का समाधान निकाला जाए. इसी दौरान सीनियर डीसीएम मनीष कुमार पाठक से बात हुई. उन्होंने अस्वास्थ्य किया कि जल्द से जल्द फुट ओवर ब्रिज बना दिया जाएगा. इसकी सारी कार्रवाई लगभग पूरी हो चुकी है. इस पर सरदार शैलेंद्र सिंह द्वारा कहां गया कब तक तो वे इसका जवाब नहीं दिया. इसका जवाब क्षेत्रीय प्रबंधक कार्यालय में बातचीत के दौरान देने का आश्वासन दिया गया. सरदार शैलेंद्र सिंह ने कहा कि पैदल आने जाने वाले लोगों को इस पुल का डेढ़ किलोमीटर का रास्ता पैदल पार करना होगा जो न्याय संगत नहीं है, अगर रेल प्रशासन ने लोगों की भलाई के लिए जनहित के लिए रेल ओवर ब्रिज बनाया है तो रेलवे फुट ओवर ब्रिज भी जनहित ही का मुद्दा है. उन्होंने कहा कि 1 फरवरी को क्षेत्रीय प्रबंधक से होने वाली बातचीत में अगर इस मांग को तत्काल पूरा नहीं किया गया तो धरना प्रदर्शन एवं रेल चक्का जाम किया जाएगा. इस मौके पर रवि शंकर तिवारी, सलमान खान, सुनील कुमार, दिलीप गुप्ता, मनोज साहू, बाबू खान एवं कुछ महिलाओं ने इसका विरोध किया. सरदार शैलेंद्र सिंह ने कहा कि या 50 वर्षों के संघर्ष का परिणाम है. आज जुगसलाई ओवरब्रिज को चालू किया जा सका है. उन्होंने कहा कि जब तक रेल फुटओवर ब्रिज एवं स्ट्रीट लाइट नहीं लग जाती है तब तक नागरिकों का संघर्ष पूर्व की तरह जारी रहेगा.











