जमशेदपुर : जमशेदपुर के जुगसलाई थाना से आगे टाटा स्टील कंपनी के गेट के पास गुरुवार के अहले सुबह हुए सड़क हादसे में स्कूली बच्चा की मौत हो गयी थी. इस मामले में जुगसलाई पुलिस ने धक्का मारने वाले स्कूल बस को पकड़ लिया है. वह बस सुंदरनगर निवासी मनोज कुमार का है. पुलिस ने सीसीटीवी फूटेज की मदद से बस को जब्त किया, जो पिता पुत्र को धक्का मारने के बाद भाग गया था. उक्त बस स्कूल का है, जिसका नंबर जेएच 05एडब्ल्यू 5641 है. उको सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जब्त कर लिया गया. चालक फरार है. (नीचे भी पढ़ें)

गौरतलब है कि जमशेदपुर के जुगसलाई थाना से कुछ दूर टाटा स्टील के मेन गेट के पास एक स्कूली बस की चपेट में आने से बेल्डीह चर्च स्कूल के छात्र की मौत हो गई. बताया जाता है कि जुगसलाई नया बाजार स्थित राम टेकरी रोड निवासी विकास प्रसाद अपने बेटे ललित प्रसाद (14 साल) को स्कूल छोड़ने के लिए स्कूटी से जा रहे थे. इसी बीच जुगसलाई थाना से थोड़ा पहले टाटा स्टील मेन गेट के पास स्कूली बस ने उनको जोरदार टक्कर मारी जिससे पिता पुत्र दोनों गिर गए. इस घटना में पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गया. बेटे को तत्काल टीएमएच ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनको मृत घोषित कर दिया. यह घटना सुबह 6:00 बजे की है. टक्कर मारने के बाद स्कूली बस वहां से तेजी से भाग निकला. बताया जाता है कि बस को काफी तेजी और लापरवाही से चलाई गई थी जिससे बच्चे की मौत हुई. इस घटना में पिता भी घायल हुए हैं.












