जमशेदपुर : पूर्व विधायक सह झारखंड भाजपा प्रदेश प्रवक्ता कुणाल षाड़ंगी ने गुरुवार को जमशेदपुर के घाघीडीह स्थित सेंट्रल जेल में जेल अधीक्षक के कक्ष में भाजपा नेता अभय सिंह से मुलाकात की. इस दौरान उन्होंने उनका कुशलक्षेम जाना तथा इस कालचक्र के फेर में हो रही परेशानियों से लडने हेतु खुद को मानसिक रूप से मजबूत रखने का आग्रह किया. उन्होंने कहा है कि जिस तरह की विद्वेषपूर्ण कार्रवाई प्रशासन के द्वारा की गई है उसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और जो लोग भी शांति व्यवस्था बिगाडने में दोषी हैं, उनपर आवश्यक कार्रवाई होनी चाहिए. कहा कि जो निर्दोष है और जिन्हें राजनितिक दवाब में बिना जांच-पड़ताल के आनन-फानन में जेल भेज दिया गया है उनकी अविलंब रिहाई की प्रक्रिया पर शीघ्र प्रशासनिक पहल होनी चाहिए. मुलाकात के क्रम में कुणाल षाड़ंगी ने भाजपा जमशेदपुर के जिला उपाध्यक्ष सुधांशु ओझा, विहिप के नेता जनार्दन पांडेय, अभिवक्ता चंदन चौबे एवं उमेश सिंह से भी मुलाकात कर कुशलक्षेम जाना. इस दौरान भाजपा ओबीसी मोर्चा के जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र प्रसाद, अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष विमल बैठा, पूर्व जिला परिषद सदस्य सुदीप्तो डे राणा, घाघीडीह मंडल अध्यक्ष संदीप शर्मा बौबी, भाजयुमो जिला उपाध्यक्ष सुमित श्रीवास्तव, सतबीर सिंह सोमू, अमित मिश्रा, धनेश सिंह गुड्डू, पप्पू वर्मा, ओम प्रकाश रजक, शुभम तिवारी व अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे. (नीचे भी पढ़ें)
कदमा शास्त्रीनगर हिंसा में अधिवक्ता चंदन कुमार चौबे समेत अन्य की जमानत याचिका पर सुनवाई 6 मई को
जमशेदपुर के कदमा शास्त्रीनगर में सौहार्द बिगाड़ने के मामले में जेल गए अधिवक्ता चंदन कुमार चौबे समेत अन्य की जमानत याचिका पर सुनवाई अब 6 मई को होगी. गुरुवार को जमानत याचिका पर सुनवाई करते हुए जमशेदपुर कोर्ट के एडीजे -टू आभाष वर्मा की अदालत ने केस डायरी की मांग की हैं। अधिवक्ता चंदन कुमार चौबे इस मामले 11 अप्रैल से जेल में बंद है. 9 अप्रैल को कदमा के शास्त्रीनगर का सौहार्द बिगड़ गया था। इस बीच दो समुदाय के बीच खूब रोड़ेबाजी हुई थी. फायरिंग भी की गयी थी. बाद में पुलिस ने हवाइ फायरिंग कर लोगों को चेताया भी था, लेकिन उपद्रवी रोड़ेबाजी करने से नहीं चूक रहे थे. जमशेदपुर के एसएसपी प्रभात कुमार पर भी पथराव कर दिया गया था. घटना के बाद कदमा में धारा 144 लगा दिया गया है. साथ ही उसी रात रैफ को उतार दिया गया था. इसके बाद मामला शांत हुआ था. इस मामले में जमशेदपुर के अनुमंडल पदाधिकारी पियुष कुमार सिन्हा, पुलिस उपाधीक्षक कमल किशोर, जय प्रकाश कुरमाली कार्यपालक दंडाधिकारी समेत कई पुलिस कर्मी गंभीर रूप से जख्मी हो गए थे. इस मामले में जेएनएससी के नगर प्रबंधक अन्य राज के बयान पर 118 नामजद समेत हजारों अज्ञात के खिलाफ कदमा थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई थी. पुलिस ने जानलेवा हमला, धार्मिक भावना में ठेस पहुंचाने के अलावे सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने फायरिंग व बम विस्फोट अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया हैं.











