जमशेदपुर : जुगसलाई नगर परिषद् के कार्यपालक पदाधिकारी जगदीश प्रसाद यादव ने आज अवकाश ग्रहण कर लिया. इस अवसर पर शनिवार को नगर परिषद् कार्यालय में उन्हें भावभीनी विदाई दी गयी. इसमें शहर के अन्य नगर निकायों के पदाधिकारियों के अलावा सीओ व जुगसलाई क्षेत्र के अनेक गणमान्य लोगों ने भी शिरकत की. (नीचे भी पढ़ें)

बताते चलें कि मूल रूप से जल संसाधन विभाग के पदाधिकारी रहे जगदीश प्रसाद यादव ने लगभग 36 वर्षों की सेवा के पश्चात अवकाश ग्रहण किया है. इसमें आधे से अधिक अवधि उन्होंने नगर विकास विभाग की सेवा में बितायी है. जुगसलाई नगर परिषद् के कार्यपालक पदाधिकारी बनने से पूर्व वे जमशेदपुर, मानगो, चाकुलिया, चक्रधरपुर, धनबाद, बोकारो, चास व लोहरदगा आदि स्थानों के नगर निकायों के भी पदाधिकारी रह चुके हैं. आज सेवा निवृत्ति के अवसर पर जुगसलाई नगर परिषद् परिसर में उन्हें भावभीनी विदाई दी गयी. विधायक मंगल कालिंदी, पूर्व सीजीपीसी प्रधान सरदार शैलेंद्र सिंह व अन्य गणमान्य लोगों ने उन्हें शॉल ओढ़ाकर एवं पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया. (नीचे भी पढ़ें)
अपने विदाई समारोह को संबोधित करते हुए उन्होंने संतोष जताया कि उच्च पदाधिकारियों, जन प्रतिनिधियों एवं स्थानीय निवासियों के सहयोग से उन्होंने नगर परिषद् क्षेत्र के विकास का ईमानदार प्रयास किया. विदाई समारोह में जेएनएसी के विशेष पदाधिकारी संजय कुमार, मानगो के कार्यपालक पदाधिकारी सुरेश यादव, सीओ अमित कुमार श्रीवास्तव सहित अनेक पदाधिकारियों, जुगसलाई विधायक मंगल कालिंदी व नगर परिषद के कर्मचारियों एवं जुगसलाई के गणमान्य नागरिकों ने भी शिरकत की.











