जमशेदपुर : जमशेदपुर के बिष्टुपुर स्थित नरभेराम हंसराज अंग्रेजी विद्यालय के कुसुम कमानी ऑडिटोरियम में साहित्य, कला और संस्कृति को समर्पित संस्था सुरभि की ओर से अखिल भारतीय हास्य कवि सम्मेलन का आयोजन हुआ. मुख्य अतिथि के रूप में वरीय भाजपा नेता अमरप्रीत सिंह काले ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया.

सुरभि के संस्थापक, जमशेदपुर के प्रसिद्ध समाजसेवी गोविंद दोदराजका विगत 26 वर्षों से निरंतर इस काव्य परंपरा को जीवंत बनाए हुए हैं. होली के अवसर पर पर आयोजित यह कवि सम्मेलन नगर वासियों के लिए हास्य और साहित्य का अनुपम उत्सव बन चुका है, जिसमें देश के अनेक दिग्गज कवि अपनी उपस्थिति दर्ज करा चुके हैं.

आज मंच पर 85 वर्ष से अधिक आयु के वयोवृद्ध एवं सुप्रसिद्ध कवि-गीतकार संतोष आनंद की गरिमामयी उपस्थिति विशेष आकर्षण का केंद्र रही. अन्य आमंत्रित कवियों में ‘नेताजी लपेटे में’ कार्यक्रम से प्रसिद्ध डॉ आदित्य जैन, मुन्ना बैटरी, हिमांशु बवंडर, चेतन, श्रद्धा एवं शशि श्रेया ने अपनी ओज एवं हास्य से परिपूर्ण प्रस्तुतियों से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया. कार्यक्रम में बड़ी संख्या में उपस्थित साहित्यप्रेमियों ने आयोजन का भरपूर आनंद लिया.




