जमशेदपुर : मानगो नगर निगम के वार्ड नंबर 18 के चुनाव परिणामों ने सबको रोमांचित कर दिया. वार्ड की प्रत्याशी जूली परवीन ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी को 1263 मतों के अंतर से पराजित कर दिया. चुनाव परिणाम घोषित होते ही समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई और पूरे क्षेत्र में जश्न का माहौल बन गया. जीत के बाद जूली परवीन ने पूरे वार्ड में रोड शो और विजय रैली निकाली. ढोल-नगाड़ों और फूल-मालाओं के साथ समर्थकों ने उनका भव्य स्वागत किया. जगह-जगह लोगों ने आतिशबाजी कर और मिठाइयाँ बांटकर अपनी खुशी का इजहार किया. जूली परवीन ने क्षेत्र की जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह जीत जनता के विश्वास और समर्थन की जीत है. (नीचे भी पढ़ें)

जूली परवीन के देवर सनी मिर्जा ने बताया कि क्षेत्र की जनता से उन्हें भरपूर और सच्चा समर्थन मिला. उन्होंने कहा, लोगों ने विकास के मुद्दे पर भरोसा जताया है. हम सब मिलकर वार्ड के विकास के लिए और भी बेहतर कार्य करेंगे उन्होंने यह भी कहा कि चुनाव के दौरान जो वादे किए गए हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा. विजय रैली के दौरान जूली परवीन ने लोगों से मिलकर उनका धन्यवाद किया और भरोसा दिलाया कि सड़क, नाली, पेयजल और साफ-सफाई जैसी मूलभूत सुविधाओं को और सुदृढ़ किया जाएगा. क्षेत्रवासियों ने भी उम्मीद जताई कि नई पार्षद के नेतृत्व में वार्ड नंबर 18 में विकास की रफ्तार तेज होगी.






