
जमशेदपुर : टाटा स्टील के सहयोग से संचालित बिष्टुपुर स्थित कांतिलाल गांधी मेमोरियल अस्पताल का टेकओवर श्री सत्यसाई संजीवनी अस्पताल ने कर लिया है. इस अस्पताल के टेकओवर के साथ बुधवार को एक समारोह के दौरान वहां के कर्मचारियों को नये सिरे से बहाली का पत्र दिया गया. नियुक्ति पत्र 1 जुलाई 2022 से लागू किया गया है. यह अस्पताल श्रीकांति बाई ने सेवा की भावना से 1991 में शुरूआत की थी. इस सेवा भाव को देखते हुए टाटा स्टील द्वारा इस अस्पताल को संजीवनी अस्पातल को सौंपा गया है. यह अस्पताल करीब दो साल से बंद पड़ा हुआ था, जिसको प्रबंधन और यूनियन के साथ कर्मचारियों के प्रयास से फिर से शुरू किया जा रहा है. इस अस्पताल की खास बात तो यह है कि मरीजों का यहां मुफ्त में इलाज संभव हो सकेगा और यहां कोई भी बिल काउंटर नहीं होगा. इस ट्रस्ट का लक्ष्य मुफ्त में मानव सेवा करना है. इससे जमशेदपुर के अलावा आसपास के लोगों को लाभ मिल सकेगा. टाटा स्टील के वीपी सह कांतिलाल गांधी मेमोरियल अस्पताल के चेयरमैन चाणक्य चौधरी और सत्य साई हेल्थ व एजुकेशन ट्रस्ट के चेयरमैन श्रीनिवास जी के सहयोग से इसकी शुरुआत हो रही है. इसके तहत सारे कर्मचारियों को बहाल किया गया है. बुधवार को आयोजित नियुक्ति पत्र वितरण समारोह के दौरान यूनियन अध्यक्ष राकेश्वर पांडेय, कार्यकारी अध्यक्ष बीके डिंडा, महासचिव मोहम्मद अरशद इकबाल राजू, वाइस प्रेसिडेंट दुर्गा दास, भट्ट मिश्रा, कोषाध्यक्ष अमर कुमार, सहायक सचिव उमाशंकर, कमेटी मेंबर प्रतिमा सिंह, समेत अन्य लोग मौजूद थे. मैनेजमेंट की ओर से पीवी कृष्णमोहन, श्रीधर राजू, राजेश्वर श्री सुब्बा राव, जगदीश राव, केजीएमएच के निशित कुमार सिन्हा, हेट टाटा स्टील सोसाइटी अरुण कुमार सिंह, देवेंद्र ठाकुर, बाबू राव समेत अन्य उपस्थित थे.



