आदित्यपुर : राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के सुप्रीमो, बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और सामाजिक न्याय के मसीहा माने जाने वाले लालू प्रसाद यादव का 79वां जन्मदिन 11 जून को सरायकेला खरसावां जिले के आदित्यपुर में बेहद धूमधाम के साथ मनाया जाएगा। इस विशेष अवसर पर एक भव्य समारोह का आयोजन किया जा रहा है, जिसकी तैयारियाँ अंतिम चरण में हैं. लालू विचार केंद्र के तत्वावधान में आयोजित होने वाला यह मुख्य समारोह 11 जून की प्रातः 11:00 बजे आदित्यपुर ऑटो क्लस्टर सभागार में आयोजित किया जाएगा. इस ऐतिहासिक पल को यादगार बनाने के लिए कार्यक्रम में 79 पाउंड का एक विशाल केक काटा जाएगा. लालू विचार केंद्र के संयोजक सह राजद के पूर्व प्रदेश महासचिव पुरेंद्र नारायण सिंह ने प्रेस को संबोधित करते हुए बताया कि पिछले करीब 20-25 वर्षों से वे लोग लगातार लालू जी का जन्मदिन इसी तरह उत्साहपूर्वक मनाते आ रहे हैं. (नीचे भी पढ़े)
उन्होंने कहा कि लालू जी केवल एक दल या पार्टी के नेता नहीं हैं, लालू यादव एक व्यक्ति नहीं बल्कि विचारधारा का नाम है लालू यादव को कोई सीमाओं में नहीं बन सकता है बल्कि देश-विदेश में उन्हें चाहने वाले करोड़ों लोग मौजूद हैं. उन्होंने समाज के सबसे निचले पायदान पर खड़े लोगों को आवाज दी, उन्हें जागरूक किया और उनके अधिकारों का अहसास कराया, जिसके कारण आज भी वे जन-जन के नेता बने हुए हैं. जन्मदिन समारोह को भव्य रूप देने के लिए आयोजन समिति द्वारा कार्यक्रम स्थल पर व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया गया. इस मौके पर तैयारियों का जायजा लेने के लिए मुख्य रूप से सिद्धनाथ सिंह यादव, उदित यादव, देव प्रकाश, संतोष सिंह यादव, अवधेश कुमार, सोनू पासवान समेत विचार केंद्र के कई अन्य प्रमुख सदस्य और कार्यकर्ता उपस्थित रहे. नेताओं ने बताया कि इस बार भी पूरे बिहार और झारखंड की नजरें इस भव्य आयोजन पर टिकी हुई हैं, और इसे सुपर हिट बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी.







