
जमशेदपुर : जमशेदपुर में आजादी की अमृत महोत्सव और पैन इंडिया अवेयरनेस एंड आउटरिच कैंपेन को लेकर शनिवार को साकची के रवींद्र भवन परिसर में विधिक जागरुकता एवं सशक्तिकरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इस दौरान जिला प्रधान जज नलिन कुमार ने कार्यक्रम का उद्घाटन किया. मौके पर 57 योजनाओं से जुड़े 26 करोड़ 92 लाख से अधिक की परिसंपतियों का वितरण किया गया. प्रधान जिला जज नलिन कुमार ने कहा कि पूर्वी सिंहभूम जिला हर योजना में आगे है पर यहां डायन प्रताड़ना की घटना चिंता का विषय है. उन्होने लोगो से अपील की है कि ऐसी किसी भी घटना के बारे में पता चले तो स्थानीय पुलिस को इसकी सूचना दे. (नीचे पूरी खबर देखें)

मौके पर मौजूद उपायुक्त सूरज कुमार ने बताया कि 2 अक्टूबर से शुरु इसकी शुरुआत की गई थी जिसका समापन 14 नवंबर को होने जा रहा है. जिले में पंचायत स्तर पर इसका आयोजन किया जा रहा है. अब तक कुल 300 करोड़ से ज्यादा की परिसंपत्तियों का वितरण किया जा चुका है. 50 हजार तक ऋण लेने वाले किसानों का ऋण माफ कर दिया गया है. इससे जिले के 20 हजार किसानों को लाभ मिला है. ज्यादा से ज्यादा किसानों को इसका लाभ मिले इसको देखते हुए इस जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया. मौके पर कई स्टॉल भी लगाए गए थे जहां से लोगों ने खरीददारी भी की. इस अवसर पर जमशेपदुर के एसएसपी डॉ एम तामिल वाणन, डीएफओ ममता प्रियदर्शनी के अलावा अन्य न्यायिक और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद थे.














