
जमशेदपुर : जमशेदपुर में सत्ताधारी झामुमो द्वारा 17 नवंबर को टाटा समूह की तीन बड़ी कंपनियों के गेट का घेराव करने की घोषणा की है. इसको लेकर तीनों बड़ी कंपनियों के गेट का हुड़का जाम करने की घोषणा की गयी है. जमशेदपुर परिसदन में झारखंड मुक्ति मोर्चा पूर्वी सिंहभूम जिला समिति की एक आपात बैठक जिला अध्यक्ष सह विधायक रामदास सोरेन की अध्यक्षता में हुई. बैठक में विगत कोल्हान स्तरीय बैठक में लिए गए निर्णय के आलोक टाटा कमिंस प्राइवेट लिमिटेड के जमशेदपुर स्थित मुख्यालय को महाराष्ट्र के पुणे में स्थानांतरित किए जाने का विरोध किया गया. इसको लेकर 17 नवंबर को टाटा कमिंस के जमशेदपुर स्थित कंपनी के चार गेटों पर धरना-प्रदर्शन (नाकेबंदी) का कार्यक्रम मजबूतीपूर्वक आयोजित करने का निर्णय लिया गया. बैठक में धरना प्रदर्शन (नाकेबंदी) कार्यक्रम की रूपरेखा व रणनीति पर विचार विमर्श किया गया. बैठक में निर्णय लिया गया कि टाटा स्टील के जेनरल ऑफिस गेट के कार्यक्रम का नेतृत्व विधायक समीर महंती, विधायक सविता महतो, पूर्व सांसद सुमन महतो, अल्पसंख्यक मोर्चा के केंद्रीय अध्यक्ष हिदायत खान के साथ साथ बलदेव भुइयां द्वारा किया जाएगा. टाटा स्टील के बिष्टुपुर थाना समीप गेट का नेतृत्व विधायक संजीव सरदार के साथ-साथ केंद्रीय महासचिव मोहन कर्मकार, केंद्रीय सचिव आस्तिक महतो, केंद्रीय सचिव राजु गिरी, केंद्रीय सदस्य योगेंद्र कुमार निराला, सुनील महतो एवं अकरम खान द्वारा किया जाएगा. टाटा मोटर्स मुख्य गेट टेल्को का नेतृत्व जिला अध्यक्ष सह विधायक रामदास सोरेन के साथ-साथ केंद्रीय सचिव शेख बदरुद्दीन, केंद्रीय कार्यकारिणी सदस्य प्रमोद लाल, केंद्रीय सदस्य महावीर मुर्मू, केंद्रीय सदस्य नरोत्तम दास, झामुमो मजदूर यूनियन के महासचिव शैलेंद्र मैंती, जिला सचिव लाल्टु महतो एवं जमशेदपुर नगर दलगोविंद लोहरा द्वारा किया जाएगा. टाटा कमिंस प्राइवेट लिमिटेड टेल्को के गेट का नेतृत्व विधायक मंगल कालिंदी के साथ-साथ केंद्रीय कीड़ा मोर्चा के अध्यक्ष मनोज यादव, केंद्रीय कार्यकारिणी सदस्य रोड़िया सोरेन, जिला उपाध्यक्ष सागेन पूर्ति, जिला परिषद पिंटू दत्ता, जमशेदपुर प्रखंड अध्यक्ष बहादुर किस्कु द्वारा किया जाएगा. पूर्वी सिंहभूम जिला में स्थित झारखंड मुक्ति मुक्ति मोर्चा के सभी अनुषंगिक जिला इकाई के पदाधिकारी एवं समर्थक टाटा कंपनी के जनरल ऑफिस गेट पर आयोजित धरना प्रदर्शन (नाकेबंदी) कार्यक्रम में उपस्थित रहेंगे. बैठक में मुख्य रूप से केन्द्रीय सदस्य बाबर खान, जिला परिषद सदस्य बगराई मार्डी, जिला उपाध्यक्ष श्यामल रंजन सरकार, अरुण प्रसाद, पार्थो प्रकाश मांझी, लव सरदार, कृष्णा कामत, मिर्जा हांसदा, निता सरकार, झरना पाल, सबिता दास, दलगोविंद लोहरा, गोपाल महतो, मोहम्मद समद, अजय रजक, राजा सिंह, प्रीतम हेम्बरम, अधिवक्ता रास विहारी हंस, शेख सलीम सहजादा आदि उपस्थित थे.














