जमशेदपुर : आसन्न होली पर्व के मद्देनज़र अवैध शराब की बिक्री एवं निर्माण के विरुद्ध उत्पाद विभाग द्वारा सघन अभियान चलाया जा रहा है. इसी क्रम में जमशेदपुर के बर्मामाइंस थाना क्षेत्र अंतर्गत ट्यूबगेट के समीप स्थित मुखी बस्ती में सुशांत मुखी के घर पर औचक छापेमारी की गई. छापेमारी के दौरान झारखंड राज्य में प्रतिबंधित किंग्स गोल्ड ब्रांड की व्हिस्की की दो कार्टन सहित कुल 18 लीटर अवैध विदेशी शराब बरामद कर जब्त की गई. (नीचे भी पढे)

छापेमारी दल के पहुंचने से पूर्व आरोपी को सतर्क कर देने के कारण वह मौके से फरार हो गया. अभियुक्त सुशांत मुखी के विरुद्ध उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है. वहीं परसुडीह थाना क्षेत्र के कालीमाटी टोला, सोपोडेरा में अवैध चुलाई शराब की बिक्री की सूचना पर की गई छापेमारी में गौतम कुमार खटुआ उर्फ बबलू के घर से 30 लीटर अवैध चुलाई शराब बरामद की गई. संबंधित अभियुक्त के विरुद्ध भी उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत अभियोग दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है. होली पर्व के दौरान अवैध शराब के निर्माण, भंडारण एवं बिक्री के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा.




