जमशेदपुर : जमशेदपुर सिविल कोर्ट में शनिवार को इस वर्ष का दूसरा नेशनल लोक अदालत आयोजित हुआ. इस राष्ट्रीय लोक अदालत में कुल 7,689 मामलों का निष्पादन हुआ, जबकि इस दौरान कुल 7,20,99,910/- रुपये के राजस्व की प्राप्ति हुई. (नीचे भी पढ़ें)

इससे पूर्व जमशेदपुर लोक अदालत हॉल में विधिवत दीप प्रज्वलन के साथ नेशनल लोक अदालत की शुरुआत हुई. इस लोक अदालत में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश अनुल कुमार मिश्रा मुख्य अतिथि थे, जबकि विशिष्ठ अतिथियों में कुटुंब कोर्ट के प्रधान न्यायाधीश अमितेश लाल, स्टेट बार कौंसिल के उपाध्यक्ष राजेश कुमार शुक्ल, जिला बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष तापस मित्रा, डालसा के सचिव नितीश नीलेश सांगा आदि मौजूद रहे. (नीचे भी पढ़ें)
प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश अनिल कुमार मिश्रा ने अपने सम्बोधन में कहा कि नेशनल लोक अदालत मामलों के निष्पादन का सुनहरा अवसर प्रदान करता है. मामले का त्वरित समाधान पाकर समय और पैसे, दोनों की बचत कर सकते हैं.वहीं स्टेट बार कौंसिल के उपाध्यक्ष राजेश कुमार शुक्ल ने कहा कि आज अदालतों पर मुकदमों का इतना बोझ बढ़ गया है कि लोगों को त्वरित न्याय मिलने में विलंब हो रहा है. ऐसे में लोक अदालत समझौता के माध्यम से न्याय प्रदान करने का एक बेहतर मंच है. उन्होंने कहा कि नालसा, झालसा और डालसा समाज के अंतिम व्यक्ति तक न्याय पहुंचाने में काफी मददगार साबित हुई हैं. नेशनल लोक अदालत में कुल 14 बेंच गठित की गई थीं.



